सूचनाजी न्यूज, भिलाई। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड-सेल के भिलाई स्टील प्लांट में हादसा हो गया है। बीएसपी के ब्लास्ट फर्नेस 4 में एक्सीडेंट से अफरा-तफरी मच गई है। मजदूर गंभीर रूप से जख्मी है। मेन मेडिकल पोस्ट में प्राथमिक उपचार के बाद सेक्टर 9 हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। हालत नाजुक होने पर तत्काल मजदूर को आइसीयू में भर्ती किया गया है। चिकित्सकों की टीम उपचार में जुटी हुई है।
बीएसपी के ब्लास्ट फर्नेस 4 में ठेका कंपनी बलदेव के अधीन काम करने वाले 49 वर्षीय खूब लाल हादसे की जद में आए। प्राथमिक सूचना यह है कि हाई लाइन एरिया में इलेक्ट्रिकल मेंटेनेंस आदि का काम चल रहा था। वहीं ठेका श्रमिक खूब लाल करीब 30 फीट ऊंचाई से जमीन पर गिर पड़ा। जनरल शिफ्ट में इलेक्ट्रिकल में मेंटेनेंस का काम चल रहा था।
जख्मी कर्मचारी का मेन मेडिकल पोस्ट में प्राथमिक उपचार भेजने के बाद उच्चाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। हादसे की जांच की जा रही है। घटना का कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है। बताया जा रहा है कि जोरातराई गेट से ही मजदूर प्लांट में दाखिल होता है। पाटन का रहने वाला है। जख्मी मजदूर हेल्पर है। क्रेन के केबिन के पास मौजूद था। वहां से ये नीचे गिरा।
















