Bhilai Steel Plant: राजहरा माइंस रेलवे लाइन पर गिरी बस, कई पैसेंजर जख्मी, चालक फरार, रुकी थीं ट्रेनें

Bus Falls on Rajhara Mines Railway Line of Bhilai Steel Plant Several Passengers Injured Driver Absconding Train Stopped
  • खाई में गिरी तेज रफ्तार बस, रेलवे ट्रैक पर मचा हड़कंप। बालोद में टला बड़ा हादसा।
  • हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया, जिससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। सेल भिलाई स्टील प्लांट की रेलवे लाइन पर हादसा हो गया है। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में गुरुवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब तेज रफ्तार एक बस अनियंत्रित होकर सीधे रेलवे ट्रैक के पास खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और भगदड़ जैसे हालात बन गए। रेल यात्रा कुछ देर तक प्रभावित रहा। मालागाड़ी और पैसेंजर ट्रेन का परिचालन रोक दिया गया था। स्थिति सामान्य होने के बाद दोबारा ट्रेन की आवाजाही शुरू हो सकी। राजहरा आयरन ओर माइंस से हर दिन भिलाई स्टील प्लांट में आधा दर्जन से ज्यादा मालगाड़ी की आवाजाही होती है।

जानकारी के अनुसार, स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के भिलाई स्टील प्लांट से जुड़े दल्ली-राजहरा रेलवे लाइन पर यह हादसा हुआ। कुसुमकसा के पास दोपहर करीब सवा 3 बजे बस क्रमांक CG 07 E 1129 अचानक नियंत्रण खो बैठी और रेलवे ट्रैक के किनारे गहरी खाई में जा गिरी।

बस में उस समय करीब 10 से 15 यात्री सवार थे। हादसे के बाद कई यात्री दहशत में आ गए, कुछ को हल्की चोटें आईं। घायल यात्रियों को तत्काल बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिया गया और परिजनों के साथ सुरक्षित घर भेज दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल-आरपीएस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कुछ समय के लिए ट्रेनों का आवागमन भी रोक दिया गया, जिससे स्थिति और गंभीर न हो सके। बाद में हालात सामान्य होने पर ट्रेनों की आवाजाही फिर शुरू कर दी गई।

हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया, जिससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। गनीमत रही कि बस सीधे ट्रैक पर नहीं गिरी, वरना बड़ा रेल हादसा हो सकता था। फिलहाल, पूरे मामले की जांच जारी है।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के रायपुर रेल मंडल के जनसंपर्क विभाग का कहना है कि रेलवे लाइन को किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ है। रेलवे लाइन के किनारे बस गिरी है, जिसके चलते एहतियातन रेल परिचालन को रोकनाा पड़ा था। अब स्थिति सामान्य हो चुकी है। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि पायल कंपनी की बस जमई मोड़ से आगे बढ़ी थी, क्रॉसिंग पर टर्निंग के समय बस सीधे खाई में गिर गई। पैसेंजर को मामूली रूप से चोट लगी है। हाइड्रा मंगाया गया है। बस को खाई से निकाला जा रहा है।