भिलाई स्टील प्लांट के SMS-3 ने रचा इतिहास, एक दिन में 60 हीट्स का रिकॉर्ड उत्पादन

SMS-3 of Bhilai Steel Plant Creates History Produces Record 60 Heats in a Day

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। सेल के भिलाई स्टील प्लांट के स्टील मेल्टिंग शॉप-3 (SMS-3) ने उत्पादन के क्षेत्र में नई उपलब्धि हासिल करते हुए 12 अप्रैल 2026 को एक ही दिन में 60 हीट्स बनाकर नया रिकॉर्ड कायम किया। यह उपलब्धि दो कन्वर्टर के संचालन के साथ हासिल की गई, जिसे संयंत्र के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है।

इतना ही नहीं, कन्वर्टर-B ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए एक दिन में 31 हीट्स तैयार किए। इसके साथ ही उसने 1 अगस्त 2022 को बने 30 हीट्स के पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।

विशेष बात यह रही कि यह उपलब्धि ऐसे समय में हासिल हुई, जब कन्वर्टर नंबर-3 और CK-1 कास्टर का कैपिटल रिपेयर कार्य चल रहा था। सीमित संसाधनों और तकनीकी चुनौतियों के बीच टीम ने यह सफलता हासिल कर अपनी क्षमता साबित की है।

इस उल्लेखनीय प्रदर्शन पर ईडी (वर्क्स) राकेश कुमार ने SMS-3 की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह मेहनत, समर्पण और बेहतर समन्वय का परिणाम है।

वहीं सीजीएम (SMS-3) त्रिभुवन बैठा ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि लगातार 54 से अधिक हीट्स उत्पादन बनाए रखना और हॉट मेटल को अधिकतम स्टील में परिवर्तित करना टीम की कार्यकुशलता को दर्शाता है।

उन्होंने CK-1 कास्टर के कैपिटल रिपेयर कार्य को निर्धारित समय से एक दिन पहले पूरा करने पर भी टीम को बधाई दी। SMS-3 की इस सफलता से भिलाई स्टील प्लांट की उत्पादन क्षमता को नई मजबूती मिली है और आने वाले समय में इससे और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है।