SAIL ISP: वैगन और टॉरपीडो लैडल रेलवे क्रॉसिंग पर आते ही बंद होगा Sensor Based Automatic Drop Gate

SAIL ISP Sensor Based Automatic Drop Gate will close as Soon as the Wagon and Torpedo Ladle Reach the Railway Crossing
  • सेंसर-आधारित एकीकृत ड्रॉप गेट एवं एवी अलार्म प्रणाली सेल के किसी भी संयंत्र में पहली बार स्थापित की गई है।
  • इस्का स्टील प्लांट के 15 चिन्हित लेवल क्रॉसिंग्स पर यह नई व्यवस्था लागू की गई है।
  • रेल एवं सड़क यातायात के बीच समन्वय और सुरक्षा को सुदृढ़ किया जा सकेगा।
  • मिल्स क्षेत्र तथा टॉरपीडो लैडल सर्किट जैसे व्यस्त क्षेत्रों में यह व्यवस्था न केवल निर्बाध यार्ड संचालन सुनिश्चित करेगी।

सूचनाजी न्यूज, बर्नपुर। सेल इस्को स्टील प्लांट (SAIL-ISP) ने औद्योगिक सुरक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए संयंत्र परिसर में सेंसर-आधारित स्वचालित ड्रॉप गेट तथा ऑडियो-विजुअल (एवी) अलार्म प्रणाली का सफलतापूर्वक शुभारंभ किया।

इस अत्याधुनिक प्रणाली का उद्घाटन निदेशक प्रभारी (बर्नपुर एवं दुर्गापुर इस्पात संयंत्र) द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों, कार्यकारी निदेशकों, विभागाध्यक्षों तथा टी&आरएम, प्रोजेक्ट, सेफ्टी, ईटीएल एवं मिल्स सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया।

इस परियोजना का सफल क्रियान्वयन प्रोजेक्ट्स विभाग द्वारा मेसर्स वर्चुअल इंडस्ट्रीज, जमशेदपुर के माध्यम से निर्धारित समयसीमा के भीतर, टी एंडआर एम विभाग के सहयोग से किया गया। प्रणाली के चालू होने के उपरांत इसके रखरखाव की जिम्मेदारी ईटीएल विभाग द्वारा निभाई जाएगी, जिसमें टी एंड आर एम विभाग आवश्यक सहयोग प्रदान करेगा।

यह उल्लेखनीय है कि इस प्रकार की सेंसर-आधारित एकीकृत ड्रॉप गेट एवं एवी अलार्म प्रणाली सेल के किसी भी संयंत्र में पहली बार स्थापित की गई है, जो अन्य इकाइयों के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण सिद्ध होगी।

यह प्रणाली संयंत्र के 15 चिन्हित लेवल क्रॉसिंग्स पर स्थापित की गई है, जिससे रेल एवं सड़क यातायात के बीच समन्वय और सुरक्षा को सुदृढ़ किया जा सके। मिल्स क्षेत्र तथा टॉरपीडो लैडल सर्किट जैसे व्यस्त क्षेत्रों में यह व्यवस्था न केवल निर्बाध यार्ड संचालन सुनिश्चित करेगी, बल्कि सभी हितधारकों की सुरक्षा को भी सुदृढ़ बनाएगी। यह पहल आईएसपी की सुरक्षा, नवाचार एवं आधुनिक तकनीक अपनाने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।