15 मार्च को सूरजपुर जिले में डिप्टी कलेक्टर की नई जिम्मेदारी संभालेंगे। 12 मार्च को भिलाई इस्पात संयंत्र में अंतिम कार्य दिवस।
- भिलाई स्टील प्लांट के पीबीएस में साथियों ने भावभीनी विदाई देकर उज्ज्वल भविष्य की दी शुभकामनाएं।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र के कर्मिक यशवंत देवांगन का चयन डिप्टी कलेक्टर पद पर होने पर विभाग एवं साथियों में हर्ष का माहौल है। यशवंत देवांगन आगामी 15 मार्च को सूरजपुर जिले में डिप्टी कलेक्टर के रूप में अपनी नई जिम्मेदारी संभालेंगे। इससे पूर्व 12 मार्च उनका भिलाई इस्पात संयंत्र में अंतिम कार्य दिवस होगा।
इस अवसर पर आज उनके साथियों द्वारा भावभीनी विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सभी ने यशवंत देवांगन के व्यक्तित्व, कार्यशैली एवं सरल स्वभाव की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विदाई समारोह के दौरान उन्हें पुष्पगुच्छ, श्रीफल, शॉल एवं आकर्षक गमला भेंटकर सम्मानित किया गया। साथ ही सभी साथियों ने उन्हें मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं प्रेषित कीं। समारोह का वातावरण भावुक एवं उत्साहपूर्ण रहा, जहां सहकर्मियों ने उनके साथ बिताए गए पलों को साझा किया।
अपने संबोधन में यशवंत देवांगन ने भिलाई इस्पात संयंत्र में मिले सहयोग, स्नेह एवं अनुभवों के लिए प्रबंधन व सभी साथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनके परिवार व दोस्तों ने हमेशा उनका मनोबल बढ़ाया और BSP परिवार से मिले संस्कार एवं अनुभव उन्हें नई जिम्मेदारियों के निर्वहन में सदैव प्रेरित करते रहेंगे। समारोह के अंत में उपस्थित सभी साथियों ने श्री देवांगन के सफल प्रशासनिक जीवन एवं उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं दीं।

