भिलाई टाउनशिप के रिटेंशन और लाइसेंसधारियों से मकान खाली कराने के नोटिस पर भड़का है। गुस्सा। शाम 4 बजे से प्रदर्शन।
- बीएसपी मेन गेट से मुर्गा चौक तक छावनी में तब्दील। इस्पात भवन की तरफ जाने वाला रास्ता पूरी तरह से बंद।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। रिटेंशन और लाइसेंसधारी आज सड़क पर उतरेंगे। शाम 4 बजे इस्पात भवन का घेराव है। हजारों की संख्या में शहरवासी और यूथ कांग्रेस के सदस्य मुर्गा चौक पर विरोध-प्रदर्शन के बाद इस्पात भवन की तरफ कूच करेंगे। फिलहाल, बैरिकेडिंग लगाकर पूरी तरह से रास्ता सील कर दिया गया है, ताकि कोई अंदर जा न सके। बाहरी एरिया में पुलिस बल और अंदर सीआइएसएफ के जवान मोर्चा संभालेंगे। पूरे एरिया को छावनी में तब्दील किया जा रहा है। वहीं, डायरेक्टर इंचार्ज सीआर महापात्रा दिल्ली में हैं। आज रात तक भिलाई पहुंचने की उम्मीद है।
वहीं, इस्पात भवन घेराव करने वालों का कहना है कि आत्मनिर्भर भारत के पहले इस्पात संयंत्र और नेहरू के सपनों का शहर भिलाई आज खंडहर में तब्दील हो रहा है। साजिश के विरुद्ध हो रही लड़ाई में आप किसके साथ हैं? हां याद रखिएगा। बाद में मत बोलिएगा हमने बताया नहीं…।
भिलाई सत्याग्रह के लिए विधायक देवेंद्र ने भी शहरवासियों से अपील किया है के परिवार समेत मुर्गा चौक पर पहुंचिए। अपनी ताकत का एहसास कराइए। सेल प्रबंधन को सभी नोटिस को वापस लेने का आदेश जारी करना होगा। इसके लिए हम सबको एकजुट होकर आवाज उठानी है। इसलिए शाम 4 बजे मुर्गा चौक पर मिलते हैं।
यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव जुल्फिकार सिद्दीकी ने अपील किया है कि आज शहरवासियों को घरों से बाहर आना होगा। सड़के सूनी नहीं, भरी होनी चाहिए। कामकाज छोड़िए, भिलाई बचाने के लिए मुर्गा चौक पर शाम 4 बजे पहुंचिए। जिस तरह त्योहार पर सड़कों को भर देते हैं, उसी तरह आज भिलाई बचाने के लिए भर दीजिए।

