निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन ने वैश्विक इस्पात उद्योग के वर्तमान परिदृश्य, उभरती संभावनाओं एवं चुनौतियों और बाजार पर बात रखी।
- कार्यशाला के दौरान ‘बिजनेस इंटरैक्शन एवं नेतृत्व संवाद’ का भी आयोजन किया गया।
सूचनाजी न्यूज, बोकारो। सेल बोकारो इस्पात संयंत्र ने बदलते वैश्विक औद्योगिक एवं व्यावसायिक परिदृश्य के अनुरूप अपनी रणनीतिक प्राथमिकताओं को और सुदृढ़ करने तथा भविष्य की चुनौतियों के लिए संयंत्र को तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की है। ‘RE:ALIGN with ONE – Strategic Business Workshop for a Future-Ready Perspective of Bokaro Steel Plant’ नामक इस विशेष कार्यशाला का आयोजन बोकारो निवास में किया गया।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य वैश्विक एवं राष्ट्रीय स्तर पर इस्पात उद्योग में उभरते रुझानों एवं महत्वपूर्ण बदलावों का समग्र आकलन करना, उनके संभावित प्रभावों को समझना तथा बोकारो इस्पात संयंत्र की दीर्घकालिक प्रतिस्पर्धात्मकता, सतत विकास, परिचालन उत्कृष्टता एवं व्यावसायिक सफलता के लिए रणनीतिक प्राथमिकताओं की पहचान करना था। कार्यशाला में बोकारो इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी, अधिशासी निदेशक, मुख्य महाप्रबंधक एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
कार्यशाला के दौरान बदलते वैश्विक एवं राष्ट्रीय बाजार परिदृश्य, तकनीकी नवाचार, बढ़ती प्रतिस्पर्धा तथा सतत विकास से जुड़ी अपेक्षाओं के परिप्रेक्ष्य में बोकारो इस्पात संयंत्र की भावी रणनीतिक दिशा पर व्यापक एवं सार्थक विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान उभरती चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना करने, उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने तथा संयंत्र की परिचालन एवं व्यावसायिक क्षमता को और सुदृढ़ करने के उपायों पर भी गहन मंथन किया गया।
इस अवसर पर निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन ने एक विशेष प्रस्तुतीकरण के माध्यम से वैश्विक इस्पात उद्योग के वर्तमान परिदृश्य, उभरती संभावनाओं एवं चुनौतियों तथा तकनीकी एवं बाजार संबंधी बदलावों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने भारतीय इस्पात उद्योग की संभावनाओं, राष्ट्रीय इस्पात नीति की प्रमुख दिशाओं एवं रणनीतिक प्राथमिकताओं तथा बदलते कारोबारी परिवेश में बोकारो इस्पात संयंत्र के लिए उपलब्ध अवसरों पर विचार साझा किए।
उन्होंने बदलते औद्योगिक एवं कारोबारी परिदृश्य के अनुरूप संयंत्र की क्षमताओं को और सुदृढ़ करने, परिचालन एवं व्यावसायिक दक्षता में निरंतर सुधार लाने तथा दीर्घकालिक और सतत विकास को गति देने के लिए आवश्यक रणनीतिक पहलों पर भी अपने विचार एवं सुझाव साझा किए। उन्होंने ‘One BSL’ की भावना को केंद्र में रखते हुए सभी स्तरों पर बेहतर समन्वय, परस्पर सहयोग और सामूहिक प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने तथा भविष्य की चुनौतियों को अवसरों में बदलने की दिशा में एकजुट प्रयास करने पर विशेष जोर दिया।
कार्यशाला के दौरान ‘बिजनेस इंटरैक्शन एवं नेतृत्व संवाद’ का भी आयोजन किया गया, जिसमें संयंत्र के समक्ष उभरती व्यावसायिक एवं परिचालन चुनौतियों, उत्पादकता एवं दक्षता में निरंतर सुधार, प्रतिस्पर्धात्मकता को और सुदृढ़ करने तथा विकास के नए अवसरों की पहचान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श किया गया। इस संवाद के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने सामूहिक प्रयास, साझा उत्तरदायित्व, प्रभावी समन्वय एवं एकजुट नेतृत्व के माध्यम से संगठनात्मक लक्ष्यों को प्राप्त करने तथा बदलती परिस्थितियों के अनुरूप त्वरित एवं प्रभावी निर्णय लेने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यशाला में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि बदलते औद्योगिक परिदृश्य और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप बोकारो इस्पात संयंत्र को और अधिक कुशल, तकनीकी रूप से सक्षम, प्रतिस्पर्धी, नवाचार-उन्मुख एवं सतत विकास के प्रति प्रतिबद्ध संगठन के रूप में सुदृढ़ किया जाए। परिचालन उत्कृष्टता, संसाधनों के अधिकतम एवं विवेकपूर्ण उपयोग, तकनीकी उन्नयन, लागत-दक्षता तथा नए व्यावसायिक अवसरों की पहचान के माध्यम से संयंत्र के प्रदर्शन एवं दीर्घकालिक विकास को और गति देने के लिए सामूहिक एवं निरंतर प्रयास जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
‘RE: ALIGN with ONE’ कार्यशाला ने संगठन की सामूहिक क्षमताओं को एक साझा लक्ष्य के साथ जोड़ने और भविष्य की चुनौतियों के लिए समयबद्ध एवं प्रभावी रणनीतियाँ विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया है।
यह पहल बीएसएल को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप निरंतर विकसित करने तथा उत्पादन, उत्पादकता, गुणवत्ता, परिचालन दक्षता एवं सतत विकास के क्षेत्रों में उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ते हुए ‘One BSL’ की भावना को और मजबूत करने तथा संगठन को एक स्पष्ट एवं समन्वित दिशा प्रदान करती है।
