आयोजन में पहुंचने वाले लोगों के लिए लकी ड्रॉ भी रखा गया है, जिसमें साइकिल, ट्रॉली बैग, स्कूल बैग, टिफिन बॉक्स सहित अनेक उपहार दिए जाएंगे।
- हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ एवं महाआरती के साथ भगवा ध्वज फहराकर रामभक्ति की ज्योति प्रज्ज्वलित की जाएगी।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। श्रीराम जन्मोत्सव समिति अध्यक्ष व पूर्व मंत्री प्रेम प्रकाश पांडेय के पुत्र मनीष पांडेय का 12 सितंबर को बर्थ डे है। इस दिन को खास बनाने की तैयारी की गई है। श्रीराम जन्मोत्सव समिति द्वारा 12 सितंबर 2026 को भिलाई में सामाजिक सरोकार, खेल और सनातन संस्कृति से जुड़े दो भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सुबह युवाओं एवं खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘रन भिलाई रन-द स्टील सिटी रन’ मैराथन का आयोजन होगा, वहीं शाम को सेक्टर-9 चौक में विशाल भगवा ध्वज का भव्य ध्वजारोहण किया जाएगा।
समिति की युवा शाखा के अध्यक्ष मनीष पाण्डेय के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित मैराथन की शुरुआत सुबह 6 बजे आई लव भिलाई चौक, सिविक सेंटर से होगी। 5 किलोमीटर की इस मैराथन में छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 1500 पुरुष एवं महिला प्रतिभागी शामिल होंगे। पुरुष एवं महिला वर्ग के विजेताओं के लिए अलग-अलग नकद पुरस्कार रखे गए हैं। इसके साथ ही आयोजन में पहुंचने वाले लोगों के लिए लकी ड्रॉ भी रखा गया है, जिसमें साइकिल, ट्रॉली बैग, स्कूल बैग, टिफिन बॉक्स सहित अनेक उपहार दिए जाएंगे।
मैराथन का विशेष आकर्षण दुर्ग के छात्रावासों में रहने वाले आदिवासी एवं अनाथ बच्चे होंगे। ‘नक्सल मुक्त बस्तर’ की सकारात्मक भावना के साथ इन बच्चों के लिए 100 एवं 200 मीटर की विशेष दौड़ आयोजित की जाएगी। इसके माध्यम से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें खेलों से जोड़ने और बस्तर की बदलती तस्वीर का संदेश देने का प्रयास किया जाएगा।
तत्पश्चात शाम को श्रीराम जन्मोत्सव समिति द्वारा भिलाई-दुर्ग में सनातन आस्था का एक और भव्य आयोजन किया जाएगा। सेक्टर-9 चौक में शाम 4:30 बजे विशाल 51 फीट ऊंचे भगवा ध्वज का ध्वजारोहण किया जाएगा। हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ एवं महाआरती के साथ भगवा ध्वज फहराकर रामभक्ति की ज्योति प्रज्ज्वलित की जाएगी। समिति ने भिलाई-दुर्ग सहित आसपास के क्षेत्रवासियों, युवाओं, मातृशक्ति एवं सनातन धर्मावलंबियों से दोनों आयोजनों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

