विभागीय कर्मचारियों को तनिष्क का 50 ग्राम का सोने का सिक्का देने पर सहमति बनी। ठेका कर्मियों को 20 ग्राम का चांदी का सिक्का।
पिछले वर्ष कर्मचारियों को मिले ₹23,000 के बोनस को बढ़ाकर इस वर्ष ₹25,000 कर दिया गया है।
सूचनाजी न्यूज, राउरकेला। दुर्गापूजा से पहले फेरो स्क्रेप निगम प्राइवेट लिमिटेड के देशभर में कार्यरत स्थायी कर्मचारियों के बोनस को लेकर बुधवार को राउरकेला स्थित राधिका रेजीडेंसी में ज्वाइंट फोरम कमेटी की बैठक हुई। दिनभर चली चर्चा और बातचीत के बाद कर्मचारियों को पिछले वर्ष की तुलना में ₹2,000 अधिक बोनस देने पर सहमति बनी।
बैठक में प्रबंधन की ओर से कंपनी के मुख्य महाप्रबंधक (एचआर) सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। वहीं श्रमिक संगठनों की ओर से जय झारखंड मजदूर समाज के महामंत्री बीके चौधरी, सुभाष चंद्र बाउरी, बीटू के महामंत्री अशोक सिन्हा, आरएमएस के महामंत्री एसएस नायक, एनएन नायक, एफएसएनपीईयू के महामंत्री एसएन मरांडी और अमित ओझा सहित अन्य प्रतिनिधि शामिल हुए।
ये खबर भी पढ़ें: BIG NEWS: भिलाई स्टील प्लांट के कर्मचारी ने की आत्महत्या, पढ़ें डिटेल
पिछले वर्ष कर्मचारियों को मिले ₹23,000 के बोनस को बढ़ाकर इस वर्ष ₹25,000 कर दिया गया है। समझौते पर प्रबंधन और श्रमिक प्रतिनिधियों ने हस्ताक्षर किए। इसके अलावा वार्षिक उपहार के रूप में सभी विभागीय कर्मचारियों को तनिष्क का 50 ग्राम का सोने का सिक्का तथा सभी ठेका कर्मियों को 20 ग्राम का चांदी का सिक्का देने पर भी सहमति बनी।
ठेका मजदूरों के लिए भी मांग
बैठक के दौरान जय झारखंड मजदूर समाज के महामंत्री बीके चौधरी ने ठेका मजदूरों के लिए भी प्रोफिट लिंक्ड रिवार्ड स्कीम के तहत कम से कम ₹10,000 देने की मांग रखी। इसके साथ ही ₹4,100 एडीब्ल्यूए (ADWA) देने की मांग को भी उन्होंने दोहराया। प्रबंधन की ओर से इन मांगों पर भिलाई जाकर प्रबंध निदेशक से चर्चा करने के बाद फैसला लेने का आश्वासन दिया गया।
एडीब्ल्यूए को लेकर हड़ताल की चेतावनी
बीके चौधरी ने कहा कि एडीब्ल्यूए की मांग को लेकर पहले ही हड़ताल का नोटिस दिया जा चुका है। इस मुद्दे पर केंद्रीय सहायक श्रमायुक्त, धनबाद के समक्ष एक दौर की वार्ता भी हो चुकी है, लेकिन बातचीत अधूरी है। उन्होंने कहा कि अगली बैठक में यदि सकारात्मक बातचीत नहीं होती है तो दुर्गापूजा से पहले तीन दिवसीय हड़ताल की स्थिति बन सकती है।



