बोनस मीटिंग से एक दिन पहले राउरकेला की सड़क पर उतरे कर्मचारी, एरियर से लेकर इंसेंटिव और निजीकरण तक के मुद्दे उठाए।
- सेल कर्मचारियों के बोनस को लेकर होने वाली बैठक से ठीक पहले राउरकेला में हुए इस प्रदर्शन ने प्रबंधन पर दबाव बढ़ा दिया है।
सूचनाजी न्यूज, राउरकेला। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) के कर्मचारियों के बोनस को लेकर 1 अक्टूबर को होने वाली अहम बैठक से ठीक एक दिन पहले राउरकेला में कर्मचारियों का आक्रोश सड़क पर दिखाई दिया। राउरकेला श्रमिक संघ-इंटक के बैनर तले 39 कर्मचारी अर्धनग्न होकर प्रदर्शन पर बैठ गए। बिसरा चौक पर सुबह से ही प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी हो रही है। पुलिस फोर्स ने भी मोर्चा संभाल रखा है। किसी तरह की अप्रिय घटना न होने पाए।
राउरकेला श्रमिक संघ-इंटक के महासचिव पीके बेहरा के नेतृत्व में यह प्रदर्शन सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक चल रहा है। प्रदर्शन में 39 कर्मचारी अर्धनग्न होकर 39 माह से लंबित एरियर के भुगतान की मांग उठा रहे हैं। उनके समर्थन में दर्जनों अन्य कर्मचारी भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे।
39 महीने के एरियर पर नाराजगी
कर्मचारियों का कहना है कि 39 महीने का बकाया एरियर अब भी लंबित है। ऐसे समय में जब सेल कर्मचारियों के बोनस को लेकर बैठक होने जा रही है, कर्मचारियों ने लंबित एरियर सहित वेतन समझौते से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रबंधन के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया है। प्रदर्शनकारियों ने तत्काल 39 महीने के बकाया एरियर का भुगतान करने की मांग की है। इसके साथ ही दसवें वेतन समझौते को पूरी तरह लागू करने की मांग भी उठाई गई है।

बोनस और इंसेंटिव को लेकर भी सवाल
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने Monthly Incentive Reward और ASPLIS बोनस से जुड़े मुद्दे भी उठाए। कर्मचारियों की मांग है कि उन्हें इंसेंटिव और बोनस का उचित लाभ दिया जाए तथा इससे जुड़े लंबित मामलों का समाधान किया जाए।
IGH और टाउनशिप के निजीकरण का विरोध
प्रदर्शनकारियों ने आईजीएच के निजीकरण को बंद करने की मांग भी उठाई। इसके अलावा राउरकेला स्टील प्लांट टाउनशिप के निजीकरण के प्रस्ताव/प्रक्रिया का विरोध करते हुए इसे रोकने की मांग की गई। कर्मचारियों ने आरएसपी आवासों के निर्माण में तेजी लाने की मांग भी रखी है। उनका कहना है कि कर्मचारियों से जुड़े आवासीय और टाउनशिप संबंधी मुद्दों पर भी प्रबंधन को गंभीरता से पहल करनी चाहिए।

बोनस बैठक से पहले बढ़ा दबाव
सेल कर्मचारियों के बोनस को लेकर होने वाली बैठक से ठीक पहले राउरकेला में हुए इस प्रदर्शन ने प्रबंधन पर दबाव बढ़ा दिया है। एक तरफ बोनस को लेकर कर्मचारियों की नजर बैठक के फैसले पर है, वहीं दूसरी तरफ 39 माह के एरियर, वेतन समझौते, इंसेंटिव, आईजीएच और टाउनशिप जैसे मुद्दों को लेकर कर्मचारियों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया है।
