हुमन लाल कोसरे बुधवार दोपहर को बी-शिफ्ट में ड्यूटी पर थे। खाना खाने के बाद कमरे में आराम कर रहे थे, शाम को मृत पाए गए।
- मरोदा निवासी मजदूर के निधन से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) के भिलाई स्टील प्लांट में बुधवार शाम एक ठेका मजदूर की लाश मिली है। मजदूर प्लांट के भीतर RCL टॉरपीडो शॉप के रूम में अचेत अवस्था में मिला। मेन मेडिकल पोस्ट ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ब्लास्ट फर्नेस के टारपीडो यार्ड में मजदूर के निधन से अफरातफरी है। मृतक की पहचान 32 वर्षीय हुमन लाल कोसरे के रूप में हुई है। वह सूर्या नगर, स्टेशन मरोदा, नेवई का निवासी बताया गया है। शाम करीब 6 बजे वह RCL टॉरपीडो शॉप के आसपास अचेत अवस्था में पाया गया। जेएलएन अस्पताल एवं रिसर्च सेंटर (JLNH&RC) की मरच्यूरी में शव को रखा गया है।
मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह भी जांच का विषय होगा कि मजदूर किन परिस्थितियों में प्लांट परिसर में अचेत हुआ और उसकी मौत कैसे हुई।
ठेकेदार जुगल किशोर के मुताबिक हुमन लाल कोसरे बुधवार दोपहर को बी-शिफ्ट ड्यूटी पर आया था। खाना खाने के बाद वह अपने साथियों को बताकर सोने चला गया। शाम 5 बजे तक वह सोता रहा। ड्यूटी खत्म होने के बाद वहां के कर्मचारी घर लौटने लगे। उनकी नज़र पड़ी कि हुमन सो रहा है। उन्होंने उठाने की कोशिश की, लेकिन वह हिल नहीं रहा था। तत्काल मेन मेडिकल पोस्ट को फोन किया गया। एम्बुलेंस पहुंची और अस्पताल ले गई। जहां डाक्टरों ने मजदूर को मृत घोषित किया। दो साल पहले ही शादी हुई थी।
