स्टील ठेका श्रमिक यूनियन इंटक अध्यक्ष संजय कुमार साहू के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन को मांग पत्र सौंपा।
- दुर्गा पूजा से पूर्व बोनस भुगतान की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर ठेका श्रमिकों को समय पर 20 प्रतिशत बोनस उपलब्ध कराया जाए।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र में कार्यरत ठेका श्रमिकों को दुर्गा पूजा के पूर्व 20 प्रतिशत बोनस दिए जाने की मांग को लेकर स्टील ठेका श्रमिक यूनियन इंटक ने प्रबंधन को ज्ञापन सौंपा। यूनियन के अध्यक्ष संजय कुमार साहू के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने भिलाई इस्पात संयंत्र के वरिष्ठ प्रबंधक राहुल थोटे को कार्यपालक निदेशक, मानव संसाधन के नाम ज्ञापन सौंपकर इस संबंध में चर्चा की।
अध्यक्ष संजय कुमार साहू ने कहा कि भिलाई इस्पात संयंत्र के उत्पादन, उत्पादकता एवं लाभार्जन में ठेका श्रमिकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। संयंत्र के संचालन एवं रखरखाव, सफाई सहित विभिन्न कार्यों में ठेका श्रमिक लगातार सक्रिय योगदान दे रहे हैं। उनके योगदान से भिलाई इस्पात संयंत्र एवं सेल के उत्पादन और लाभार्जन को बढ़ाने में सहायता मिल रही है।
उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा देश के प्रमुख त्योहारों में से एक है। ऐसे में ठेका श्रमिकों और उनके परिवारों को त्योहार के समय आर्थिक राहत एवं सम्मान मिलना आवश्यक है। प्रबंधन को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि संयंत्र में कार्यरत पात्र ठेका श्रमिकों को दुर्गा पूजा के पूर्व 20 प्रतिशत बोनस का भुगतान किया जाए तथा बोनस की पूरी राशि श्रमिकों तक पहुंचे।
संजय कुमार साहू ने कहा कि ठेका श्रमिक संयंत्र की उत्पादन व्यवस्था का अभिन्न हिस्सा हैं। इसलिए प्रबंधन को बोनस भुगतान की प्रक्रिया में पारदर्शिता रखते हुए यह सुनिश्चित करना चाहिए कि किसी भी पात्र ठेका श्रमिक को बोनस से वंचित न किया जाए।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रबंधन से मांग की कि दुर्गा पूजा से पूर्व बोनस भुगतान की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर ठेका श्रमिकों को समय पर 20 प्रतिशत बोनस उपलब्ध कराया जाए। बैठक में यूनियन के सीपी वर्मा दीनानाथ सिंहसार्वा आर दिनेश गुरुदेव साहू जीआर सुमन, शिव शंकर सिंह, सुरेश श्याम कुवर राजेंद्र गजेंद्र खिलावन साहू के रामू, नरेंद्र कुमार कान्हा राम कामता प्रसाद बलराम वर्मा संजीव मानिकपुरी दामन लाल पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित थे।
