बीएसएल अनाधिशासी कर्मचारी संघ (BAKS) के आह्वान पर कर्मचारियों ने सेल प्रबंधन और एनजेसीएस के खिलाफ नारेबाजी की।
- प्रदर्शनकारियों ने कहा कि 19.4 मिलियन टन क्रूड स्टील उत्पादन और करीब 13,000 करोड़ रुपये EBITDA के बावजूद बोनस की राशि महज 32,000 रुपये तय किया जाना कर्मचारियों के साथ न्यायसंगत नहीं है।
सूचनाजी न्यूज, बोकारो। सेल बोनस को लेकर कर्मचारियों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। उच्च उत्पादन और मुनाफे के बावजूद बोनस की राशि 32,000 रुपये तय किए जाने के विरोध में बोकारो जनरल अस्पताल (BGH) के कर्मचारियों ने सोमवार को अपने विभागाध्यक्ष कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया।
बीएसएल अनाधिशासी कर्मचारी संघ (BAKS) के आह्वान पर आयोजित प्रदर्शन में कर्मचारियों ने सेल प्रबंधन और एनजेसीएस के प्रतिनिधियों के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सेल प्रबंधन कर्मचारियों के हितों की अनदेखी कर रहा है।
कर्मचारियों का आरोप है कि सेल प्रबंधन अपने स्तर पर बोनस फॉर्मूला लागू करता है और फिर यूनियन प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर बोनस की राशि तय कर देता है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि 19.4 मिलियन टन क्रूड स्टील उत्पादन और करीब 13,000 करोड़ रुपये EBITDA के बावजूद बोनस की राशि महज 32,000 रुपये तय किया जाना कर्मचारियों के साथ न्यायसंगत नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि लगातार मैनपावर कम होने के बावजूद कर्मचारियों से अधिक उत्पादन लिया जा रहा है।
निर्वाचित प्रतिनिधियों को लेकर उठाए सवाल
सभा को संबोधित करते हुए BAKS के महासचिव हरिओम ने एनजेसीएस प्रतिनिधियों की भूमिका पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि संजीवा रेड्डी, वीरेंद्र चौबे, श्रीनिवास राव, रंजय कुमार, ललित मिश्रा, बंदोपाध्याय, विद्यसागर गिरी, रामाश्रय सिंह, संजय बढ़वाकर और राजेंद्र सिंह जैसे प्रतिनिधि कर्मचारियों द्वारा निर्वाचित प्रतिनिधि नहीं हैं, बल्कि प्रबंधन द्वारा मनोनीत प्रतिनिधि हैं। हरिओम ने कहा कि ऐसे प्रतिनिधि कर्मचारियों के हित में प्रभावी समझौता नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि यूनियन अब इस मामले को लेकर अदालत का रुख करेगी।
बीजीएच कर्मियों के साथ भेदभाव का मुद्दा भी उठा
प्रदर्शन के दौरान अन्य वक्ताओं ने बोकारो जनरल अस्पताल प्रबंधन पर कर्मचारियों के साथ भेदभाव किए जाने का आरोप भी लगाया। वक्ताओं ने अस्पताल कर्मियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उठाते हुए प्रबंधन से समस्याओं के समाधान की मांग की। प्रदर्शन को यूनियन के अध्यक्ष दिलीप कुमार, उपाध्यक्ष कृष्ण रजवार और उपमहासचिव माणिक मुंडा सहित अन्य पदाधिकारियों ने संबोधित किया।
काले झंडे के साथ मौन जुलूस कल
BAKS ने बोनस विवाद के विरोध में अगले चरण के आंदोलन की भी घोषणा की है। यूनियन के अनुसार, कल काले झंडे के साथ मौन जुलूस निकाला जाएगा। संगठन ने कर्मचारियों से इसमें शामिल होने की अपील की है।
