एसोसिएशन के पदाधिकारियों और निदेशक प्रभारी के बीच वर्ष में कम से कम दो बार बैठक आयोजित करने का मुद्दा भी रखा गया।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। सेल एससी/एसटी एम्पलाइज फेडरेशन की केंद्रीय कोर कमेटी ने भिलाई स्टील प्लांट (BSP) प्रबंधन के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर एससी/एसटी वर्ग से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों के विभिन्न मुद्दों को उठाया। फेडरेशन ने अधिकारियों के प्रमोशन में निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।
फेडरेशन की छह सदस्यीय केंद्रीय कोर कमेटी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष गौरंगा मंडल के नेतृत्व में भिलाई स्टील प्लांट प्रबंधन के साथ बैठक की। बैठक में एससी/एसटी वर्ग से संबंधित अधिकारियों को तुलनात्मक रूप से निम्नतर ग्रेड दिए जाने के कारण उनकी पदोन्नति प्रभावित होने और इसमें देरी होने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया।
फेडरेशन ने इस मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए संबंधित मामलों की निष्पक्ष एवं पारदर्शी समीक्षा करने पर जोर दिया। संगठन का कहना है कि ग्रेड और पदोन्नति से जुड़े मामलों की समीक्षा स्पष्ट एवं पारदर्शी प्रक्रिया के तहत होनी चाहिए, ताकि किसी भी अधिकारी के करियर पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
डॉ. आंबेडकर संग्रहालय और पुस्तकालय का मुद्दा भी उठा
बैठक में फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गौरंगा मंडल ने भारत रत्न डॉ. बी.आर. आंबेडकर संग्रहालय एवं पुस्तकालय के प्रस्तावित निर्माण कार्य को जल्द शुरू कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।
इसके अलावा आरक्षण नीति से संबंधित राष्ट्रपति के निर्देशों पर कार्यशाला आयोजित करने का सुझाव दिया गया। फेडरेशन ने छत्तीसगढ़ के प्रथम शहीद वीर नारायण सिंह की आदमकद प्रतिमा शहीद वीर नारायण सिंह जयंती स्टेडियम में स्थापित करने की मांग भी प्रबंधन के समक्ष रखी।
CSR गतिविधियों में एसोसिएशन की भागीदारी की मांग
फेडरेशन ने वर्तमान और आगामी सीएसआर गतिविधियों में एसोसिएशन की सहभागिता सुनिश्चित करने की मांग की। इसके साथ ही एसोसिएशन के पदाधिकारियों और निदेशक प्रभारी के बीच वर्ष में कम से कम दो बार बैठक आयोजित करने का मुद्दा भी रखा गया। बैठक में कुल 9 प्रमुख मुद्दों पर चर्चा की गई। फेडरेशन के मुताबिक, BSP प्रबंधन ने इन मुद्दों पर जल्द आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन केंद्रीय कमेटी के सदस्यों को दिया।
ये खबर भी पढ़ें: भद्रावती स्टील प्लांट के अधिकारी ने की आत्महत्या, घर में मिली लाश
फेडरेशन भवन से कब्जा हटाने की मांग
भिलाई एससी/एसटी एसोसिएशन के अध्यक्ष कोमल प्रसाद ने फेडरेशन भवन का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने भवन को कथित अवैध कब्जे से मुक्त कराकर एसोसिएशन को सौंपने की मांग की।
प्रबंधन के अधिकारी और फेडरेशन पदाधिकारी रहे मौजूद
बैठक में BSP के निदेशक प्रभारी चित्तरंजन महापात्रा, अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन) पवन कुमार, महाप्रबंधक (मानव संसाधन) संजय द्विवेदी, महाप्रबंधक (मानव संसाधन) शौमिक डे और लाइजन पदाधिकारी रोहित हरीत मौजूद रहे।
फेडरेशन की केंद्रीय कोर कमेटी की ओर से उपाध्यक्ष एवं भिलाई एसोसिएशन अध्यक्ष कोमल प्रसाद, किरीबुरु माइंस से उपाध्यक्ष उपेंद्र सिंकू, बर्नपुर से उपाध्यक्ष काशीनाथ मारंडी, भद्रावती से महासचिव श्रीनिवास, राउरकेला से संयुक्त महासचिव भगवान शेट्टी, बोकारो से कार्यकारिणी सदस्य शंभू कुमार और प्रदीप मलिक सहित अन्य पदाधिकारी शामिल हुए।
भिलाई स्टील प्लांट एससी/एसटी एम्पलाइज एसोसिएशन के महासचिव विजय कुमार रात्रे, कोषाध्यक्ष अनिल खेलवार तथा वेदप्रकाश सूर्यवंशी, कुमार भारद्वाज, कालिदास बघेल, हेमंत भुयार्य, धनंजय मेश्राम, नरेश चंद्रा, जितेंद्र भारती, लेखराम जी घरेंद्र, धरमपाल राम, संजय कुमार, कुंज लाल ठाकुर और यशवंत नेताम भी बैठक में उपस्थित रहे।
