Bokaro Steel Plant: छंटनी पर बवाल, 10-15 साल पुराने ठेका मजदूरों को हटा रहे, कट-मनी का खेल

BSL में ठेका मजदूरों की छंटनी पर क्रांतिकारी इस्पात मजदूर संघ का विरोध। राजेंद्र सिंह ने कट-मनी वसूली का आरोप लगाते हुए प्रबंधन को आंदोलन और कोर्ट जाने की चेतावनी दी।

सूचनाजी न्यूज, बोकारो। बोकारो स्टील प्लांट (BSL) में ठेका मजदूरों की कथित छंटनी को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। क्रांतिकारी इस्पात मजदूर संघ (हिन्द मजदूर सभा) ने प्रबंधन पर अनुभवी ठेका मजदूरों को काम से बाहर करने और उनकी जगह काम पर रखने के नाम पर कथित तौर पर कट-मनी वसूलने का गंभीर आरोप लगाया है। संघ का दावा है कि 10 से 15 साल तक प्लांट में काम कर चुके मजदूरों को भी बाहर का रास्ता दिखाया जा रहा है। वहीं, पैसे देने को तैयार मजदूरों को काम पर रखने की बात सामने आ रही है।

कोक-ओवन स्थित सुदर्शन कैंटीन में संघ की ओर से ठेका मजदूरों की विशाल बैठक आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए संघ के महामंत्री एवं NJCS सदस्य राजेंद्र सिंह ने कहा कि बोकारो इस्पात संयंत्र में ठेका मजदूरों के साथ अन्याय हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि छंटनी की आड़ में मजदूरों को हटाने और कट-मनी वसूली का खेल चल रहा है। प्रबंधन की कथित सहमति से ठेका कंपनियों के मालिक और उनके दलाल मजदूरों से संपर्क कर रहे हैं।

ये खबर भी पढ़ें: SAIL वेतन समझौते के ड्राफ्ट से एरियर गायब, मंत्रालय तक नहीं, BMS बोला-कोर्ट केस लेंगे वापस…बशर्ते

10-15 साल का अनुभव भी नहीं आया काम, कट-मनी देने वालों को प्राथमिकता का आरोप

राजेंद्र सिंह ने कहा कि जो मजदूर कथित तौर पर कट-मनी देने को तैयार हैं, उन्हें काम पर रखा जा रहा है, जबकि पैसे देने से इनकार करने वाले अनुभवी मजदूरों को बाहर किया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या किसी मजदूर की वर्षों की सेवा और अनुभव का कोई महत्व नहीं रह गया है? मजदूरों को काम पर रखने का आधार पारदर्शी प्रक्रिया और वरिष्ठता होनी चाहिए, न कि कथित लेन-देन।

एक तरफ रिकॉर्ड उत्पादन, दूसरी तरफ मजदूरों की छंटनी

संघ ने प्लांट में मजदूरों की संख्या घटाने के फैसले पर भी सवाल उठाए हैं। राजेंद्र सिंह के मुताबिक, बोकारो इस्पात संयंत्र मैनपावर की कमी से जूझ रहा है। नियमित बहाली वर्षों से बंद है। विस्थापित अप्रेंटिस के अभ्यर्थी भी रोजगार के इंतजार में हैं। इसके बावजूद ठेका मजदूरों के रूप में कार्यरत लगभग 80 प्रतिशत विस्थापित मजदूरों को काम से बाहर करने की कथित साजिश हो रही है।

उन्होंने कहा कि एक ओर संयंत्र रिकॉर्ड उत्पादन कर रहा है, वहीं दूसरी ओर अनुभवी मजदूरों को हटाया जा रहा है। छंटनी का सीधा असर बचे हुए कर्मचारियों पर पड़ेगा और उन पर काम का अतिरिक्त बोझ बढ़ेगा। इससे औद्योगिक सुरक्षा पर भी गंभीर सवाल खड़े हो सकते हैं।

ये खबर भी पढ़ें: Breaking News: सेल कर्मियों को झटका, प्रबंधन का हाईकोर्ट में हलफनामा, एरियर-एग्रीमेंट से इन्कार...? पढ़ें

ठेका श्रम अधिनियम का हवाला, प्रबंधन की जवाबदेही पर सवाल

राजेंद्र सिंह ने कहा कि विभागीय अधिकारियों से लेकर निदेशक प्रभारी तक एक ही जवाब मिल रहा है कि ऊपर से आदेश आया है और वे कुछ नहीं कर सकते। उन्होंने सवाल किया कि क्या कोई आदेश संविधान और श्रम कानूनों से ऊपर हो सकता है?

उन्होंने ठेका श्रम (विनियमन एवं उन्मूलन) अधिनियम, 1970 का हवाला देते हुए कहा कि प्रधान नियोक्ता के रूप में सेल और बोकारो इस्पात संयंत्र प्रबंधन ठेका मजदूरों के शोषण की जिम्मेदारी से बच नहीं सकता।

ये खबर भी पढ़ें: SAIL BSP: प्रमोशन-ट्रांसफर, मकान में राजनीतिक दबाव पड़ेगा भारी, PMO-राष्ट्रपति, मंत्रालय से सीधे शिकायत पर रोक, नौकरी खतरे में, पढ़ें सर्कुलर

प्रबंधन को अल्टीमेटम, ठेकेदारों पर कार्रवाई की मांग

बैठक के अंत में राजेंद्र सिंह ने प्रबंधन से कथित अवैध छंटनी का आदेश तत्काल रद्द करने और काम से हटाए गए मजदूरों को वापस काम पर लेने की मांग की। उन्होंने कट-मनी मांगने वाले ठेकेदारों के ठेके रद्द करने और उनके खिलाफ आपराधिक कार्रवाई की मांग भी उठाई।

संघ ने मजदूरों के चयन में वरिष्ठता को आधार बनाने और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रखने की मांग की है। राजेंद्र सिंह ने चेतावनी दी कि मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो प्लांट के मजदूर एकजुट होकर श्रम मंत्रालय और न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे। इसके साथ ही लोकतांत्रिक आंदोलन भी शुरू किया जाएगा।

इन नेताओं ने भी रखी बात

बैठक को राजेंद्र सिंह के अलावा आरके सिंह, शशिभूषण, जुम्मन खान, आनंद कुमार, हरेराम, अमित यादव, टुनटुन सिंह और प्रेम शंकर सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया।