BSP ED Works Trophy 2026-27: रेगुलर संग ठेका मजदूरों के हुनर को भी मंच, पहली बार एंट्री, मिलेगा 5 हजार तक, करें आवेदन

नियमित कर्मचारियों और कुशल ठेका श्रमिकों के लिए अलग-अलग श्रेणियां, 14 से 24 दिसंबर तक होगी प्रतियोगिता। इलेक्ट्रिशियन, वेल्डर और मटेरियल हैंडलिंग ट्रेड में 30 नवंबर तक पंजीकरण। आवेदन की प्रक्रिया दोनों श्रेणियों के लिए अलग रखी गई है।

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट (BSP) में अब हुनर की पहचान केवल नियमित कर्मचारियों तक सीमित नहीं रहेगी। संयंत्र में काम करने वाले कुशल ठेका मजदूरों को भी अपनी तकनीकी दक्षता और कार्य कौशल दिखाने का मौका मिलने जा रहा है। बीएसपी प्रबंधन ने वर्ष 2026-27 की अधिशासी निदेशक (वर्क्स) ट्रॉफी कार्य कौशल प्रतियोगिता में नियमित गैर-कार्यपालक कर्मचारियों के साथ कुशल संविदा कर्मियों को भी शामिल करने का फैसला किया है।

इस बार प्रतियोगिता दो अलग-अलग श्रेणियों में आयोजित होगी। श्रेणी-I में बीएसपी के नियमित गैर-कार्यपालक कर्मचारी और श्रेणी-II में कुशल ठेका मजदूर हिस्सा ले सकेंगे। ठेका मजदूरों के लिए इलेक्ट्रिशियन, मटेरियल हैंडलिंग और वेल्डर के तीन ट्रेड निर्धारित किए गए हैं।

प्रतियोगिता का आयोजन 14 से 24 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। 20 दिसंबर रविवार होने के कारण इस दिन प्रतियोगिता नहीं होगी। विभिन्न ट्रेड की प्रतियोगिताएं HRDC वर्कशॉप और शॉप फ्लोर में आयोजित की जाएंगी।

ये खबर भी पढ़ें: SAIL: टाउनशिप में आवास लाइसेंस पॉलिसी, लांग टर्म लीज योजना और सेल पेंशन पर SEFI की दिल्ली में बात

30 नवंबर तक पंजीकरण, ठेका मजदूर कहां करें आवेदन?

बीएसपी प्रबंधन ने प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 1 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक पंजीकरण की समय-सीमा निर्धारित की है। आवेदन की प्रक्रिया दोनों श्रेणियों के लिए अलग रखी गई है।

श्रेणी-I : नियमित गैर-कार्यपालक कर्मचारी

बीएसपी के नियमित गैर-कार्यपालक कर्मचारी BSP इंट्रानेट होमपेज के ई-सहयोग (E-Sahyog) माध्यम से 24 घंटे ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं।

श्रेणी-II : कुशल ठेका मजदूर

कुशल संविदा कर्मियों को आवेदन के लिए कमरा नंबर-11, ग्राउंड फ्लोर, मानव संसाधन विकास केंद्र (HRD Centre) पहुंचना होगा। यहां सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक पंजीकरण कराया जा सकेगा।

पंजीकरण संबंधी जानकारी के लिए संपर्क नंबर 0788-2854901 जारी किया गया है।

ये खबर भी पढ़ें: बीएसपी डिप्लोमा इंजीनियर्स: CGM HR से मुलाकात, सेल Junior Manager एग्जाम कैंसिल मत कीजिएगा, RFID कार्ड में Emergency Contact Number

नियमित कर्मचारियों के लिए 12, ठेका मजदूरों के लिए 3 ट्रेड

कारपेंटर, CNC, कंप्यूटर (प्रोग्रामिंग), कंप्यूटर (ऑफिस ऑटोमेशन), इलेक्ट्रिशियन, फिटर, इंडस्ट्रियल हाइड्रोलिक्स, मशीनिस्ट, मटेरियल हैंडलिंग, PLC, टर्नर और वेल्डर और कुशल संविदा कर्मीय के लिए इलेक्ट्रिशियन, मटेरियल हैंडलिंग और वेल्डर ट्रेड तय है। इस तरह ठेका मजदूरों को भी अपनी विशेषज्ञता के अनुसार प्रतियोगिता में उतरने का अवसर मिलेगा।

कौन-कौन नहीं ले सकेगा प्रतियोगिता में हिस्सा

किसी भी ट्रेड में प्रतियोगिता आयोजित करने के लिए कम से कम 10 प्रतिभागियों का पंजीकरण अनिवार्य है। बीएसपी में कार्यरत सभी नियमित गैर-कार्यपालक तकनीकी कर्मचारी और कुशल ठेका मजदूर भाग लेने के पात्र हैं। L&D विभाग में पदस्थ गैर-कार्यपालक कर्मचारी, GE स्टाफ और MSG स्टाफ प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले सकेंगे। आयोजन की जिम्मेदारी इसी विभाग की है। वर्ष 2025-26 की ED (Works) ट्रॉफी प्रतियोगिता में अपने-अपने ट्रेड में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी इस वर्ष प्रतियोगिता में शामिल नहीं हो सकेंगे।

जिन कर्मचारियों ने राष्ट्रीय कार्य कौशल प्रतियोगिता में दो बार भिलाई स्टील प्लांट का प्रतिनिधित्व किया है, वे भी इस बार प्रतियोगी नहीं बन सकेंगे। हालांकि, वे अपने विभाग में अन्य कर्मचारियों के कौशल विकास के लिए मेंटर की भूमिका निभाएंगे।

ये खबर भी पढ़ें: BSP के 250 डिप्लोमा इंजीनियरों के 25 लाख कहां गए? रावतपुरा यूनिवर्सिटी ने खोला भुगतान का राज़, नाम पर चुप्पी

एक घंटे की लिखित परीक्षा, छह घंटे का प्रैक्टिकल टेस्ट

प्रतियोगिता केवल लिखित परीक्षा तक सीमित नहीं रहेगी। इसमें प्रतिभागियों के सैद्धांतिक ज्ञान के साथ वास्तविक काम करने की तकनीकी क्षमता भी परखी जाएगी।

एक दिन की प्रतियोगिता में पहले एक घंटे की लिखित परीक्षा होगी। इसमें बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQ) और संक्षिप्त उत्तर वाले सवाल पूछे जाएंगे। इसके बाद छह घंटे की प्रैक्टिकल परीक्षा और G-Shift में मौखिक परीक्षा (Viva) आयोजित की जाएगी।

दोनों श्रेणियों की प्रतियोगिताएं अलग-अलग तारीखों पर होंगी। परीक्षा का विस्तृत शेड्यूल पंजीकरण प्रक्रिया पूरी होने के तीन दिनों के भीतर ई-मेल, बीएसपी इंट्रानेट होमपेज और HR-L&D वेबसाइट के माध्यम से जारी किया जाएगा। प्रतिभागियों को संबंधित विभागाध्यक्षों से परीक्षा के दिन कार्य से मुक्त कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

जानिए कितना मिलेगा पुरस्कार में 

प्रतियोगिता में प्रदर्शन के आधार पर दोनों श्रेणियों के विजेताओं को नकद पुरस्कार, ट्रॉफी और मेरिट प्रमाण-पत्र दिए जाएंगे।

प्रथम स्थान : ₹5,000 नकद पुरस्कार।

द्वितीय स्थान : ₹4,000 नकद पुरस्कार।

तृतीय स्थान : ₹3,000 नकद पुरस्कार।

चौथे और पांचवें स्थान पर रहने वालों को ₹2,000 नकद पुरस्कार के साथ प्रमाण-पत्र और ट्रॉफी मिलेगी।

यदि किसी ट्रेड में प्रतिभागियों की संख्या 25 या उससे अधिक होती है तो छठे, सातवें, आठवें, नौवें और दसवें स्थान पर रहने वाले प्रतिभागियों को ₹1,000 नकद पुरस्कार और प्रमाण-पत्र दिया जाएगा। इसके अलावा 60 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले उन प्रतिभागियों को, जो प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार विजेताओं की सूची में शामिल नहीं हैं, ₹500 का सांत्वना पुरस्कार मिलेगा। सभी ट्रेड में मिलाकर सबसे अधिक भागीदारी दर्ज कराने वाले विभाग को विशेष ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा।

ये खबर भी पढ़ें: SAIL BSP: सवाल उठाते रहिए, सिर्फ आश्वासन, बोरिया गेट पर ट्रकों की जामिंग यथावत, ट्रैफिक सिस्टम ध्वस्त, कई मौतों का इंतजार…?

प्रतियोगिता के दिन ऑन ड्यूटी माने जाएंगे कर्मचारी और ठेका मजदूर

इस प्रतियोगिता की एक महत्वपूर्ण बात यह भी है कि इसमें शामिल होने वाले बीएसपी गैर-कार्यपालक कर्मचारियों और संविदा कर्मियों को प्रतियोगिता के निर्धारित दिन ऑन ड्यूटी माना जाएगा। यानी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए उन्हें ड्यूटी से अलग अनुपस्थिति का सामना नहीं करना पड़ेगा।

प्रबंधन ने सभी जोनल प्रमुखों, विभागाध्यक्षों (HODs) और कंट्रैक्ट ऑपरेटिंग अथॉरिटी (COAs) से अपने अधीनस्थ नियमित कर्मचारियों और कुशल ठेका मजदूरों को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने का अनुरोध किया है।

प्रतियोगिता के संयोजक मानव संसाधन-ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग के महाप्रबंधक प्रभारी संजीव कुमार श्रीवास्तव हैं। विभाग ने इस आयोजन का उद्देश्य बीएसपी परिवार में कार्यरत नियमित गैर-कार्यपालक कर्मचारियों और कुशल संविदा कर्मियों की प्रतिभा को पहचानना, प्रोत्साहित करना और उनके तकनीकी कौशल को मंच प्रदान करना बताया है।

बीएसपी प्रबंधन की यह पहल इसलिए भी अहम है, क्योंकि संयंत्र के उत्पादन, रखरखाव और तकनीकी कार्यों में नियमित कर्मचारियों के साथ ठेका मजदूरों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। अब उन्हें भी अपने हुनर के दम पर पहचान और सम्मान हासिल करने का अवसर मिलेगा।