यूनेस्को विश्व धरोहर कालका, दार्जिलिंग ट्वाय ट्रेन को बचाने SAIL BSP बना रहा खास रेल पटरी, पढ़ें
भिलाई में महज रेल पटरी की रोलिंग नहीं, बल्कि विश्व धरोहर को बचाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी गई है। यह सेल परिवार के लिए गर्व की बात है। रेल-सेल के रिश्ते और मज़बूत होंगे। पढ़िए विश्व धरोहर के बारे में भी।
अज़मत अली, भिलाई। रेल और सेल का रिश्ता एक बार फिर मज़बूत होने जा रहा है। अंग्रेजों के समय से चल रही कालका-शिमला और न्यू जलपाईगुड़ी (NJP)-दार्जिलिंग (DJ) ट्वाय ट्रेन को बचाने की मुहिम में सेल भी सहभागी बन रहा है। यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल (UNESCO World Heritage Site) में शामिल दोनों रेललाइन के लिए सेल भिलाई स्टील प्लांट स्पेशल रेल पटरी का प्रोडक्शन कर रहा है।
75-आर ग्रेड की रेल पटरी की रोलिंग पहली बार बीएसपी के रेल मिल में की गई है। इस खबर को सबसे पहले सूचनाजी.कॉम ने प्रसारित किया। पड़ताल करने पर पता चला कि भिलाई में महज रेल पटरी की रोलिंग नहीं, बल्कि विश्व धरोहर को बचाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी गई है। यह सेल परिवार के लिए गर्व की बात है।
ये खबर भी पढ़ें: चक दे इंडिया: पहाड़ी-दुर्गम इलाकों के लिए Bhilai Steel Plant बना रहा स्पेशल रेल पटरी
बीएसपी रेल मिल के उच्चाधिकारी बता रहे हैं कि ब्रिटिश शासन में रेल पटरी बिछाई गई थी। इसको बदलने के लिए पहली बार सेल भिलाई स्टील प्लांट को ऑर्डर मिला है। न्यू जलपाईगुड़ी (NJP) से दार्जिलिंग (DJ) के बीच रोज़ाना टॉय ट्रेन चलती है। इसे दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे (DHR) कहा जाता है और यह भी कालका-शिमला रेलवे की तरह एक यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल (UNESCO World Heritage Site) है।
दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे (टॉय ट्रेन) की शुरुआत मूल रूप से 4 जुलाई 1881 को सिलीगुड़ी से दार्जिलिंग के बीच हुई थी। इसे बाद में 1962 में न्यू जलपाईगुड़ी (NJP) तक बढ़ाया गया, जहां यात्री सेवाएं 1964 में शुरू हुईं।
बीएसपी रेल मिल में पहली बार…
बीएसपी के रेल मिल में पहली बार 35 केजी रेल का प्रोडक्शन हो रहा है। मतलब, एक मीटर रेल का वजन 35 किलो से है। 13 मीटर लंबी सिंगल पीस की पटरी की ढलाई हो रही है। ट्वाय ट्रेन के लिए रेल पटरी बनाने का का प्रयास जारी है। 17 नवंबर 2026 को प्रथम पाली सुबह 6:00 बजे से रोल चेंजिंग के बाद सभी आवश्यक तैयारी पूरी कर स्पेशल रेल की रोलिंग शुरू हो गई है। आरटीएस के अधिकारी स्टैंड में खड़े होकर रोलिंग की बारीकियों और पैरामीटर पर नजर बनाए हुए थे। रेलवे ने दो तरह की पटरी की मांग की है। बीएसपी 75-आर पटरी को बना रहा है। साथ ही अपनी निगरानी में रायपुर के रातु सरिया कंपनी से कुछ अलग ग्रेड की पटरी भी बनवा रहा है। रातु सरिया सेल का अधिकृत डीलर है। बीएसपी को 12000 टन रेल सप्लाई का ऑर्डर मिला है।
बीएसपी को जाएगा धरोहर बचाने का श्रेय
रेल मिल कार्मिकों के अनुसार बीएसपी के लिए गर्व की बात है। रेलवे हमारा सबसे बड़ा खरीददार है और यह रेल मार्ग देश की धरोहर है। यह रेल मार्ग और इसके मापदंड में किसी भी तरह का परिवर्तन नहीं करना है। इसलिए 35 किलो का रेल ही सप्लाई किया जाएगा, जबकि 52 केजी रेल भी लगाया जा सकता था। लेकिन इसे 35 केजी रेल में ही रोलिंग करके दिया जाएगा। धरोहर को सुरक्षित रखने के लिए सेल-रेल मिल भी प्रतिबद्ध है।
विश्व धरोहर के बारे में ये जानकारी
- कालका-शिमला टॉय ट्रेन एक ऐतिहासिक नैरो गेज पर्वतीय रेल मार्ग है, जिसे यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल (UNESCO World Heritage Site) का दर्जा प्राप्त है
- ऐतिहासिक महत्व और शानदार पर्वतीय इंजीनियरिंग को देखते हुए UNESCO ने 8 जुलाई 2008 को इसे भारत के पर्वतीय रेलवे (Mountain Railways of India) के तहत विश्व धरोहर स्थल घोषित किया।
- आजादी से पहले महात्मा गांधी भी इस रूट की प्रसिद्ध विंटेज रेल मोटर कार से शिमला की यात्रा कर चुके हैं। 1955 के बाद धीरे-धीरे भाप के इंजनों की जगह डीजल इंजनों का इस्तेमाल शुरू हुआ।
- यह रेल मार्ग लगभग 96 किलोमीटर लंबा है, जिसे पूरा करने में ट्रेन करीब 4.5 से 5.5 घंटे का समय लेती है।
- 1864 में शिमला को ब्रिटिश भारत की ग्रीष्मकालीन राजधानी घोषित किया गया था। गर्मियों में अधिकारियों और सेना की आवाजाही आसान बनाने के लिए एक सीधे रेल मार्ग की योजना बनी।
- दिल्ली-अंबाला-कालका रेलवे कंपनी ने 1898 में इस परियोजना पर काम शुरू किया। इस कठिन प्रोजेक्ट के मुख्य इंजीनियर एच. एस. हैरिंगटन थे।
- लगभग 96 किलोमीटर लंबे इस नैरो-गेज ट्रैक का उद्घाटन 9 नवंबर 1903 को भारत के तत्कालीन वायसराय लॉर्ड कर्जन द्वारा किया गया था। 1909 में इस लाइन को शिमला गुड्स स्टेशन तक आगे बढ़ाया गया।