SAIL BSL: EPS 95 अंशदान में गलत जमा हुआ ₹3.58 करोड़, उच्च पेंशन के निरस्त केस का ₹24.50 लाख करें वापस, ईपीएफओ को SEFI ने घेरा
EPS 95 के तहत गलत तरीके से जमा लगभग ₹3.83 करोड़ की वापसी का मामला SEFI ने प्रमुखता से उठाया। EPFO से शीघ्र कार्रवाई की मांग। राशि को लागू ब्याज सहित वापस कर बोकारो स्टील एम्प्लॉइज प्रोविडेंट फंड ट्रस्ट के खाते में जमा करने का अनुरोध किया है, ताकि संबंधित कर्मचारियों के PF कॉर्पस में इसका समुचित समायोजन किया जा सके।
सूचनाजी न्यूज, बोकारो/नई दिल्ली। स्टील एक्जीक्यूटिव फेडरेशन ऑफ इंडिया (SEFI) ने SAIL के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के भविष्य निधि (PF) और पेंशन से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को गंभीरता से उठाते हुए कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) से शीघ्र समाधान की मांग की है।
इस संबंध में बोकारो स्टील प्लांट (BSL) प्रबंधन द्वारा भी EPFO के क्षेत्रीय कार्यालय, रांची को दो अलग-अलग पत्र भेजकर गलत तरीके से जमा EPS 95 अंशदान तथा उच्च पेंशन के निरस्त मामलों में जमा राशि की वापसी का अनुरोध किया गया है।
पहले मामले में 1 सितंबर 2014 के बाद SAIL/बोकारो स्टील प्लांट में नियुक्त ऐसे 727 कर्मचारियों का मामला है, जिनका नियुक्ति के समय मासिक वेतन ₹15,000 से अधिक था। नियमानुसार ऐसे नए PF सदस्यों के मामले में EPS-95 के लिए अंशदान का डायवर्जन नहीं किया जाना था तथा निर्धारित कर्मचारी एवं नियोक्ता अंशदान PF खाते में जमा होना चाहिए था। इसके बावजूद इन कर्मचारियों के वेतन से EPS 95 के लिए अंशदान काटकर EPFO में जमा किया जाता रहा।
इस प्रकार 727 कर्मचारियों के मामले में ECR के माध्यम से कुल ₹3,58,60,168 (लगभग ₹3.59 करोड़) EPFO में जमा किए गए। BSL प्रबंधन ने उक्त राशि को लागू ब्याज सहित वापस कर बोकारो स्टील एम्प्लॉइज प्रोविडेंट फंड ट्रस्ट के खाते में जमा करने का अनुरोध किया है, ताकि संबंधित कर्मचारियों के PF कॉर्पस में इसका समुचित समायोजन किया जा सके।
दूसरे मामले में उच्च वेतन के आधार पर Higher Pension के लिए आवेदन करने वाले कई ऐसे कर्मचारियों का मामला है, जिनके पेंशन आवेदन EPFO द्वारा निरस्त कर दिए गए हैं। इन मामलों में संबंधित सदस्यों द्वारा डिमांड लेटर के विरुद्ध जमा की गई राशि EPFO द्वारा BSL PF Trust को वापस की जा चुकी है, लेकिन ECR के माध्यम से उच्च पेंशन के मद में जमा की गई राशि अभी तक वापस प्राप्त नहीं हुई है।
इन मामलों में कुल (लगभग ₹24.50 लाख) की राशि लागू ब्याज सहित वापस करने का अनुरोध BSL प्रबंधन द्वारा बार बार किया गया है, ताकि यह राशि संबंधित कर्मचारियों को वापस की जा सके।
EPFO मुख्यालय, नई दिल्ली में SEFI प्रतिनिधिमंडल ने सौंपा ज्ञापन
इन महत्वपूर्ण मुद्दों के समाधान के लिए SEFI द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में विगत दिनों SEFI का एक प्रतिनिधिमंडल, जिसमें नरेंद्र कुमार बंछोर-चेयरमैन, SEFI; अजय कुमार पांडे-वाइस चेयरमैन, SEFI तथा संजय आर्या-महासचिव, SEFI शामिल थे। उन्होंने EPFO मुख्यालय, नई दिल्ली में मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने अपराजिता जग्गी, जिन्हें पूरे भारत में EPS-95 के तहत Higher Pension से संबंधित मामलों के लिए प्रतिनियुक्त किया गया है, से मुलाकात कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों के PF तथा पेंशन से जुड़े लंबित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान गलत तरीके से जमा EPS-95 अंशदान की वापसी, उच्च पेंशन के निरस्त मामलों में ECR के माध्यम से जमा राशि का पुनर्भुगतान तथा संबंधित कर्मचारियों को उनका वैध आर्थिक लाभ उपलब्ध कराने जैसे विषयों को प्रमुखता से उठाया गया।
ये खबर भी पढे़: SAIL News: अब तक के 9 वेतन समझौते क्या गैर-कानूनी थे...?
अब ईपीएफओ रांची के फैसले पर टिकी नज़र
SEFI प्रतिनिधिमंडल ने EPFO से इन मामलों में आवश्यक हस्तक्षेप कर शीघ्र निर्णय लेने तथा प्रभावित कर्मचारियों के हितों की रक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया। SEFI का मानना है कि PF एवं पेंशन कर्मचारियों की जीवनभर की मेहनत और आर्थिक सुरक्षा से जुड़े विषय हैं। अतः ऐसी राशि, जो नियमानुसार PF खाते में जमा होनी चाहिए अथवा संबंधित कर्मचारियों को वापस मिलनी चाहिए, उसे अनावश्यक रूप से लंबित रखना उचित नहीं है।
SEFI ने आशा व्यक्त की है कि EPFO एवं संबंधित प्राधिकारी इन मामलों को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र कार्रवाई करेंगे, ताकि प्रभावित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनका वैध आर्थिक लाभ मिल सके। SEFI कर्मचारियों एवं अधिकारियों के हितों की रक्षा तथा उनके PF और पेंशन संबंधी मामलों के समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।
अजय पांडेय का कहना है कि रांची ईपीएफओ परेशान कर रहा है। रायपुर और दुर्गापुर ईपीएफओ कटा हुआ पैसा वापस कर चुका है। सिर्फ रांची ईपीएफओ मनमानी कर रहा है। बीएसएल प्रबंधन 3 पत्र दे चुका है। बावजूद, पैसा नहीं वापस कर रहा है।