SAIL JM 2026 की परीक्षा कैंसिल, री-एग्जाम में इन कर्मचारियों को ही मौका
SAIL ने नॉन-एग्जीक्यूटिव से एग्जीक्यूटिव JM-2026 प्रमोशन की 5 जुलाई को हुई परीक्षा कैंसिल कर दिया है। री-एग्जाम में केवल पहले परीक्षा देने वाले पात्र कर्मचारी शामिल होंगे। सभी केंद्रों पर हुई कंप्यूटर आधारित परीक्षा निरस्त। फ्रेश, री-एग्जाम में सिर्फ पहले परीक्षा देने वाले पात्र अभ्यर्थी होंगे शामिल।
सूचनाजी न्यूज, नई दिल्ली। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) में नॉन-एग्जीक्यूटिव से एग्जीक्यूटिव कैडर में प्रमोशन का इंतजार कर रहे कर्मचारियों के लिए बड़ी खबर है। सेल प्रबंधन ने JM-2026 प्रमोशन प्रक्रिया के तहत 5 जुलाई 2026 को सभी परीक्षा केंद्रों पर आयोजित कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) रद्द करने का फैसला लिया है। परीक्षा केंद्रों पर धांधली की शिकायत के बाद प्रबंधन ने परीक्षा को ही कैंसिल कर दिया है। जबकि सेल के कर्मचारी रिजल्ट का इंतजार कर रहे थे। विजिलेंस व एक अन्य कमेटी ने जांच रिपोर्ट सेल प्रबंधन को सौंपा था। कॉरपोरेट ऑफिस के मुताबिक, प्रशासनिक कारणों से 5 जुलाई को आयोजित CBT को सभी केंद्रों पर निरस्त करने का निर्णय लिया गया है।
अब दोबारा होगी परीक्षा, तारीख का इंतजार
सेल प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि फ्रेश एग्जामिनेशन अथवा री-एग्जामिनेशन की विस्तृत जानकारी अलग से जारी की जाएगी। यानी कर्मचारियों को नई परीक्षा की तारीख, समय और अन्य जरूरी दिशा-निर्देशों के लिए अगले सर्कुलर का इंतजार करना होगा।
हर कर्मचारी नहीं दे सकेगा दोबारा परीक्षा
इस आदेश का सबसे महत्वपूर्ण पहलू परीक्षा में शामिल होने की पात्रता को लेकर है। प्रबंधन ने साफ कर दिया है कि नई परीक्षा अथवा पुनर्परीक्षा में केवल वही उम्मीदवार शामिल हो सकेंगे, जिन्होंने 5 जुलाई 2026 को आयोजित CBT में भाग लिया था और अन्य निर्धारित पात्रता शर्तें पूरी करते हैं। इसका मतलब है कि जो पात्र कर्मचारी पहले आयोजित CBT में शामिल नहीं हुए थे, उन्हें इस नई परीक्षा में शामिल होने का अवसर नहीं मिलेगा।
5 जुलाई को कंप्यूटर आधारित परीक्षा हुई थी
गौरतलब है कि नॉन-एग्जीक्यूटिव से एग्जीक्यूटिव कैडर (JM-2026) में प्रमोशन के लिए सेल ने 24 अप्रैल 2026 को सर्कुलर जारी किया था। इसी प्रक्रिया के तहत 5 जुलाई को कंप्यूटर आधारित परीक्षा आयोजित की गई थी। अब प्रशासनिक कारणों का हवाला देते हुए उस परीक्षा को रद्द कर नए सिरे से परीक्षा कराने का निर्णय लिया गया है।
सेल के इस फैसले से प्रमोशन परीक्षा में शामिल हुए कर्मचारियों के बीच नई परीक्षा को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। अब सबकी नजर प्रबंधन की अगली अधिसूचना पर रहेगी, जिसमें परीक्षा की नई तारीख और प्रक्रिया स्पष्ट की जाएगी।