SAIL NJCS मीटिंग से बाहर आई ये ताज़ा खबर, एरियर न मिलने से गुस्सा, MoA पर नहीं करेगा कोई साइन
सेल प्रबंधन ने बकाया एरियर भुगतान से किया मना। एनजेसीएस नेताओं ने कहा-मिनट्स ऑफ मीटिंग में लिखें-फुल एनजेसीएस मीटिंग बुलाएंगे। बीएमएस बोला-सभी लोग चलो कोर्ट।
सूचनाजी न्यूज, दिल्ली। सेल कर्मचारियों की नज़र दिल्ली में हो रही एनजेसीएस मीटिंग पर टिकी है। नेशनल ज्वाइंट कमेटी फॉर स्टील इंडस्ट्री-एनजेसीएस मीटिंग में प्रबंधन दो-टूक बोल चुका है कि एरियर का भुगतान नहीं किया जाएगा। केंद्रीय मुख्य श्रमायुक्त को भी इसकी लिखित जानकारी दी जा चुकी है। इसलिए एरियर के मुद्दे परर चर्चा नहीं कर सकते। एचआरए के विषय पर चर्चा की बात सामने आई। सभी यूनियन नेताओं ने प्रबंधन को रोक दिया।
एनजेसीएस नेताओं ने कहा-जब एरियर देना ही नहीं था तो पांच साल पहले ही बोल देते। आज मीटिंग बुलाने की क्या जरूरत थी। आज के मिनट्स ऑफ मीटिंग में लिखिए कि फुल एनजेसीएस मीटिंग बुलाकर एरियर न देने की बात कही जाएगी। सभी यूनियन नेता इसी बात पर अड़े रहे। लंच के बाद दोबारा मीटिंग में क्या तय होगा, यह स्पष्ट नहीं है।
ये खबर भी पढ़ें: ठेका मजदूरों का हक मारना पड़ेगा महंगा, BSP अफसरों का इंक्रीमेंट होगा डाउन
लंच से पहले बैठक में प्रबंधन ने कहा-एरियर को लेकर केस कोर्ट में है। इस पर जवाब देते हुए बीएमएस के हिमांशु शेखर बल ने कहा-कोर्ट जाना हमारा संवैधानिक अधिकार है। अगर आपको लगता है कि कोर्ट केस एरियर देने में बाधक है तो हम अभी केस वापस ले लेंगे। आप एरियर भुगतान की बात को स्वीकार कीजिए।
बैठक में प्रबंधन की ओर से बीएसपी के ईडी एचआर पवन कुमार, ईडी फाइसेंस प्रवीण निगम, सीजीएम एचआर कारपोरेट आफिस संजीव गुप्ता आदि शामिल हैं। वहीं, यूनियन प्रतिनिधि के रूप में बीएमएस से हिमांशु शेखर बल, एटक से डी. आदिनारायण, एचएमएस से राजेंद्र सिंह, सीटू से बिश्वरूप बनर्जी, इंटक से हरजीत सिंह शामिल हैं।
ये खबर भी पढे़: SAIL News: अब तक के 9 वेतन समझौते क्या गैर-कानूनी थे...?
यूनियन नेताओं ने कहा कि एमओयू के वक्त प्रबंधन ने कहा था कि एरियर का भुगतान करेंगे। अब कैसे मुकर रहे। इस पर प्रबंधन की ओर से कहा गया कि एमओयू में कहां लिखा कि एरियर का भुगतान किया जाएगा। इस्पात मंत्रालय से मंजूरी के बाद ही इसे लागू किया गया है।
हिमांशु बल का कहना है कि जब एरियर नहीं दे सकते हैं तो एग्रीमेंट भी नहीं होगा। सभी यूनियन नेताओं से अपील किया कि वे भी कोर्ट केस करें या बीएमएस के केस में पार्टी बन जाएं। एकजुट होकर लड़ाई लड़ें।