सूचनाजी न्यूज, भिलाई। स्टील ठेका श्रमिक यूनियन इंटक के अध्यक्ष संजय कुमार साहू ने गंभीर आरोप लगाए हैं। सेल एवं भिलाई इस्पात संयंत्र में उत्पादन उत्पादकता एवं लाभार्जन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले ठेका श्रमिकों को राज्य सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम वेतन दिया जा रहा है, जबकि केंद्रीय वेतन का हक है। मजदूरों का आर्थिक शोषण हो रहा है।
इस विषय को लेकर इंटक यूनियन समय-समय पर सेल प्रबंधन से मांग करती रही। वर्तमान में नए केंद्रीय न्यूनतम वेतन के सर्कुलर जारी होने के उपरांत सेल को शामिल नहीं करने के कारण वर्तमान में राज्य सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम वेतन ही दिया जा रहा है।
इस विषय पर स्टील ठेका श्रमिक यूनियन इंटक द्वारा सेल अध्यक्ष के नाम से भिलाई इस्पात संयंत्र के महाप्रबंधक औद्योगिक संबंध एवं ठेका प्रकोष्ठ विकास चंद्र को ज्ञापन देकर चर्चा की गई। भारत सरकार के केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री और केंद्रीय इस्पात मंत्री एवं उप श्रम आयुक्त (केंद्रीय)रायपुर को पत्र लिखा गया है, जिसमें सेल में जल्द से जल्द केंद्रीय न्यूनतम वेतन लागू करने की मांग की गई है। बैठक में चंद्र प्रकाश वर्मा, दीनानाथ सिंह सार्वा, आर दिनेश, गुरुदेव साहू, किशोर कुमार प्रधान उपस्थिति थे।













