- रोजगार मेला कैलाश नगर भिलाई स्थित कॉलेज परिसर में आयोजित होगा।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। भिलाई में 10 अप्रैल को जिला स्तरीय रोजगार मेला आयोजित होने जा रहा है, जिसमें एक साथ 5900 पदों पर भर्ती की जाएगी। खास बात यह है कि इस मेले में तकनीकी और गैर-तकनीकी दोनों तरह की नौकरियों के अवसर उपलब्ध होंगे।
जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, दुर्ग और क्रिश्चियन कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एण्ड टेक्नोलॉजी के संयुक्त तत्वावधान में यह मेला कैलाश नगर, भिलाई स्थित कॉलेज परिसर में आयोजित होगा।
अधिकारियों के मुताबिक, इस रोजगार मेले में निजी क्षेत्र के 20 कंपनियां हिस्सा लेंगी, जो विभिन्न पदों के लिए उम्मीदवारों का चयन करेंगी। इसमें 10वीं, 12वीं, स्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा और इंजीनियरिंग पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं।
प्रशासन ने युवाओं से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर अपने करियर को नई दिशा दें। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी मालवीय नगर चौक स्थित जिला रोजगार कार्यालय, दुर्ग से संपर्क कर सकते हैं।
उम्मीदवारों के लिए जरूरी सूचना
रोजगार मेले में शामिल होने से पहले ई-रोजगार पोर्टल पर पंजीयन अनिवार्य है।
इच्छुक अभ्यर्थी www.erojgar.cg.gov.in
या छत्तीसगढ़ रोजगार एप के जरिए पदों की जानकारी लेकर आवेदन कर सकते हैं।
10 अप्रैल को मेले में शामिल होते समय सभी जरूरी दस्तावेज साथ लाना होगा।













