- प्रोडक्शन को किसी तरह सामान्य रखने की कोशिश की जा रही है।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड-सेल के भिलाई स्टील प्लांट में बीती रात हादसा हो गया है। स्टील ट्रांसफर कार से हॉट मेटल रेलवे लाइन पर बह गया। 120 टन हॉट मेटल लेडल में था। करीब 10 मीटर तक हॉट मेटल जमीन पर बहता रहा। आग फैलती रही। अफरा-तफरी का माहौल रहा। हर तरफ हंडकंप मचा रहा।
स्टील मेल्टिं शॉप-2 में बीती रात करीब साढ़े 10 बजे की घटना बताई जा रही है। दमकल कर्मियों ने किसी तरह फैलती आग को नियंत्रित किया। बताया जा रहा है कि आर्गन रिनजिंग यूनिट (ARU-Argon Rinsing Unit) में स्टील ट्रांसफर कार से हॉट मेटल बह गया। कांटीन्यूअस कास्टिंग से वापस जाते समय हॉट मेटल फैल गया है। इसका कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है।
मौके पर मौजूद कार्मिकों ने हॉट मेटल स्टील ट्रांसफर कार से बहते देख उसे तत्काल वापस जाने को कहा, ताकि एक ही स्थान पर हॉट मेटल फैलकर बड़ा हादसा न हो सके। करीब 10 मीटर तक कार आगे बढ़ी, पॉवर कट होते ही वह वहीं थम गई।
प्रोडक्शन को प्रभावित होने से बचा लिया गया है। वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। किसी तरह उत्पादन प्रक्रिया को बहाल रखा गया है। रेलवे लाइन पर जमे हॉट मेटल को काटकर निकाला जा रहा है। यह काम आज देर रात तक चलने की उम्मीद है। इसके बाद ही स्थिति सामान्य हो सकेगी।














