- आवास लाइसेंस एवं रिटेंशन में जमानतदार एवं गवाह से संबंधित 5 वर्ष शेष सेवा की अनिवार्यता समाप्त की जाए।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। स्टील इंमप्लाईज यूनियन (इंटक) की कार्यकारिणी की बैठक सेक्टर-3 स्थित कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में भिलाई इस्पात संयंत्र के कर्मवीरों की सुविधाओं एवं विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में प्रमुख रूप से यह मुद्दा उठाया गया कि भिलाई इस्पात संयंत्र में आवास आवंटन की “सब्जेक्ट टू वेकेशन” प्रक्रिया लंबे समय से चल रही थी, जिसे बीएसपी प्रबंधन द्वारा एकतरफा निर्णय लेते हुए बंद कर दिया गया है।
यूनियन ने कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) को पत्र लिखकर इस प्रक्रिया को पुनः प्रारंभ करने की मांग की है, ताकि पात्र कर्मचारियों को बेहतर आवास मिल सके तथा 70 वर्ष पुराने आवासों को जर्जर होकर टूटने से बचाया जा सके।
आवास लाइसेंस एवं रिटेंशन की शर्तों में बदलाव की मांग
इंटक यूनियन ने प्रबंधन से मांग की है कि आवास लाइसेंस एवं रिटेंशन में जमानतदार एवं गवाह से संबंधित 5 वर्ष शेष सेवा की अनिवार्यता समाप्त की जाए। वर्तमान में कर्मचारियों को 5 से 9 लाख रुपये तक की जमानत राशि जमा करने के साथ-साथ इस शर्त का पालन करना पड़ता है, जो व्यवहारिक रूप से कठिन है।
मंथली इंसेंटिव स्कीम में सुधार की मांग
इंटक यूनियन ने कहा कि वर्ष 2007 से लागू मंथली इंसेंटिव स्कीम की राशि वर्तमान उत्पादन और उत्पादकता के अनुपात में बहुत कम है। वर्ष 2007 में प्रति कर्मचारी उत्पादन 228 टन था, जो वर्तमान में 800 टन से अधिक हो चुका है। अतः बेस इंसेंटिव राशि को बढ़ाकर ₹10,000 प्रतिमाह किया जाए।
ईएल नगदीकरण में अंतर राशि का भुगतान किया जाए
महंगाई भत्ता (DA) के आदेश में देरी के कारण कर्मचारियों को ईएल नगदीकरण में कम राशि प्राप्त हुई है। यूनियन ने मांग की है कि निर्धारित एवं प्राप्त राशि के अंतर का एरियर बनाकर कर्मचारियों को भुगतान किया जाए।
टाउनशिप की समस्याओं पर भी उठाई आवाज
इंटक यूनियन ने टाउनशिप की बुनियादी समस्याओं पर भी चिंता जताई
60 वर्ष पुरानी पेयजल पाइपलाइन की जांच कर नई पाइपलाइन बिछाई जाए
सेक्टर-7 में पीलिया फैलने की स्थिति को गंभीरता से लिया जाए
मच्छरों के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए नियमित फॉगिंग कराई जाए
इंटक यूनियन के महासचिव संजय कुमार साहू ने कहा कि “सब्जेक्ट टू वेकेशन”, प्रमोशन सहित अन्य सभी मुद्दों पर प्रबंधन से लगातार चर्चा जारी है और शीघ्र ही उच्च प्रबंधन स्तर पर वार्ता कर समाधान निकाला जाएगा।
बैठक में पूरन वर्मा, जी.आर. सुमन, गिरिराज देशमुख, विश्वनाथ साहू, रमन मूर्ति, एस.बी. सिंह, गुरुदेव साहू, गणेश राम सोनी राजकुमार अजीत मोहन सोनी, विसेंट परेरा, जयराम ध्रुव, मनोज कुलदीप सहित अन्य कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित थे।













