- बीएसपी प्रबंधन ने कहा-किसी ने फर्जी मैसेज वायरल किया है।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। अमेरिका और इजराइल की सनक का खामियाजा भारतीय भी भुगत रहे हैं। ईरान पर हमले का असर यह हुआ कि अब तेल और गैस को लेकर नई समस्या पैदा हो गई है। भिलाई स्टील प्लांट में भी इसको लेकर चिंता शुरू हो गई है। कैंटीन संचालकों को कामर्शियल गैस का सिलेंडर समय पर नहीं मिल पा रहा है। जैसे-तैसे जुगाड़ कर रहे हैं। सप्लाई अगर, पूर्व की तरह बहाल नहीं हो पाई तो समस्या गहरा सकती है।
सेल भिलाई स्टील प्लांट के कार्मिकों के ग्रुप पर किसी ने गैस सिलेंडर की किल्लत का मैसेज फारवर्ड किया। दावा किया गया कि यह पर्सनल आफिसर की तरफ से शेयर किया गया है। मैसेज में स्पष्ट रूप से लिखा है कि-“कैंटीनों में एलपीजी के व्यावसायिक सिलेंडरों की कमी के कारण कैंटीनों का सामान्य संचालन प्रभावित हो सकता है। सभी संबंधित पक्षों से अनुरोध है कि वे अपने कर्मचारियों (बीएसपी और गैर-बीएसपी दोनों) को सूचित करें कि वे कैंटीन में खाना पकाने के अन्य विकल्पों की तलाश होने तक नाश्ता/दोपहर का भोजन स्वयं लेकर आएं।”
इस वायरल मैसेज पर बीएसपी एचआर के जीएम स्तर के अधिकारियों ने सूचनाजी.कॉम को जानकारी दी कि कहीं कोई दिक्कत नहीं है। किसी ने फर्जी मैसेज वायरल किया है। कैंटीनों का दौरा गुरुवार सुबह से किया जा रहा है। हर जगह गैस उपलब्ध है। कहीं किसी तरह की कोई समस्या नहीं है। कैंटीन संचालकों को हिदायत दी गई कि वह गैस सिलेंडर की व्यवस्था रखें। स्टाक में कमी नहीं होने पाए।
एक कैंटीन संचालक ने सूचनाजी.कॉम से कहा-घरेलू गैस का सिलेंडर मिल रहा है। लेकिन, कामर्शियल सिलेंडर की सप्लाइर प्रभावित हो रही है। कैंटीन में घरेलू सिलेंडर यूज नहीं होता है। कामर्शियल गाड़ियों को इंट्री नहीं मिलने से यहां तक सप्लाई नहीं हो पा रही है। एक ठेकेदार ने कहा-एक बड़ी कैंटीन में करीब 16-17 गैस सिलेंडर हर माह लगता है। प्लांट में 40 कैंटीन। लगभग 350 से ज्यादा सिलेंडर की जरूरत हर माह होती है।
इधर-घरेलू गैस सिलेंडर सप्लाई को लेकर गैस संचालकों ने मुसीबत बढ़ानी शुरू कर दी है। सेक्टर 4 स्थित शक्ति गैस एजेंसी से 3 मार्च को ऑनलाइन बुकिंग के बाद भी 12 मार्च दोपहर 3 बजे के बाद लेवरी की गई। एजेंसी के फोन को बंद करके रखा गया है। उपभोक्ता परेशान हो रहे हैं।



















