- प्रबंधन ने सीएसआर के माध्यम से एससी/एसटी महिलाओं और विद्यार्थियों को स्वरोजगार के लिए प्रशिक्षण देने का आश्वासन दिया।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र एससी/एसटी एम्पलाइज एसोसिएशन के अध्यक्ष कोमल प्रसाद के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल और संयंत्र प्रबंधन के कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) के बीच उच्च स्तरीय बैठक हुई। बैठक में अनुसूचित जाति और जनजाति समुदाय से जुड़े कर्मचारियों, महिलाओं और विद्यार्थियों के हितों से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में एसोसिएशन की ओर से एससी/एसटी महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रशिक्षण देने, विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रोत्साहन व प्रशिक्षण उपलब्ध कराने, 14 अप्रैल को बाबा साहेब की जयंती भव्य रूप से मनाने, डॉ. अंबेडकर प्रेरणा स्थल के बेहतर संधारण, खेल व सांस्कृतिक मैदान में स्थापित बाबा साहेब की प्रतिमा के सौंदर्यीकरण, सेक्टर-5 में प्रस्तावित डॉ. अंबेडकर म्यूजियम व लाइब्रेरी का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने तथा मरोदा स्टेशन स्थित डॉ. अंबेडकर स्कूल के संधारण सहित कर्मचारियों की अन्य मूलभूत समस्याएं उठाई गईं।
एसोसिएशन की मांग पर प्रबंधन ने सीएसआर के माध्यम से एससी/एसटी महिलाओं और विद्यार्थियों को स्वरोजगार के लिए प्रशिक्षण देने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही 14 अप्रैल को बाबा साहेब की जयंती भव्य रूप से मनाने और एसोसिएशन की वार्षिक पत्रिका “नया सबेरा” का विमोचन करने पर भी सहमति जताई गई।
प्रबंधन ने यह भी भरोसा दिलाया कि डॉ. अंबेडकर प्रेरणा स्थल का बेहतर और गरिमामय संधारण 14 अप्रैल से पहले तेज गति से पूरा किया जाएगा। खेल एवं सांस्कृतिक मैदान में स्थापित बाबा साहेब की प्रतिमा और पूरे परिसर के सौंदर्यीकरण के प्रस्ताव पर भी प्रबंधन ने सहमति जताते हुए संबंधित विभाग को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में सेक्टर-5 में प्रस्तावित डॉ. अंबेडकर म्यूजियम और लाइब्रेरी के निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू करने की मांग भी उठाई गई। प्रबंधन ने बताया कि एक सप्ताह के भीतर एनआईटी रायपुर के विशेषज्ञों की टीम स्थल निरीक्षण के लिए पहुंचेगी।
मरोदा स्टेशन में संचालित डॉ. अंबेडकर स्कूल में बारिश के समय पानी भरने की समस्या को लेकर भी चर्चा हुई। एसोसिएशन की मांग पर प्रबंधन ने स्कूल परिसर के समतलीकरण का कार्य कराने पर सहमति दी।
बैठक में प्रबंधन की ओर से पवन कुमार (कार्यपालक निदेशक, मानव संसाधन), जे. एन. ठाकुर (महाप्रबंधक प्रभारी, मानव संसाधन), विष्णु पाठक (महाप्रबंधक, सिविल-नगर सेवा विभाग), सौमिक डे (महाप्रबंधक, मानव संसाधन-सचिवालय), रोहित हरित (सहायक महाप्रबंधक, आयरन एवं लाइजन ऑफिसर) उपस्थित रहे। वहीं, एसोसिएशन की ओर से अध्यक्ष कोमल प्रसाद के साथ उपाध्यक्ष वेद प्रकाश सूर्यवंशी, कोषाध्यक्ष अनिल कुमार खेलवार और कार्यकारिणी सदस्य धनंजय मेश्राम भी बैठक में शामिल हुए।



















