- यह सम्मान ग्रेट प्लेस टू वर्क इंस्टीट्यूट, इंडिया द्वारा कंपनी-व्यापी आकलन के बाद दिया गया है।
सूचनाजी न्यूज, नई दिल्ली। देश की सबसे बड़ी सार्वजनिक क्षेत्र की इस्पात कंपनी और महारत्न उपक्रम स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) ने एक बार फिर अपनी कार्यसंस्कृति का लोहा मनवाया है। SAIL को फरवरी 2026 से फरवरी 2027 की अवधि के लिए प्रतिष्ठित ‘ग्रेट प्लेस टू वर्क’ प्रमाणन मिला है। खास बात यह है कि यह उपलब्धि SAIL ने लगातार तीसरी बार हासिल की है।
यह सम्मान ग्रेट प्लेस टू वर्क इंस्टीट्यूट, इंडिया द्वारा कंपनी-व्यापी आकलन के बाद दिया गया है। यह प्रमाणन SAIL की उस निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसके तहत वह अपने कर्मचारियों के पेशेवर और व्यक्तिगत विकास के अनुरूप एक आधुनिक, लचीली और भरोसेमंद कार्यसंस्कृति को बढ़ावा दे रही है।
ट्रस्ट इंडेक्स में उल्लेखनीय बढ़ोतरी
आकलन के दौरान SAIL के TRUST INDEX © स्कोर में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। यह स्कोर उस प्रतिशत को दर्शाता है, जिसमें कर्मचारी अपने कार्यस्थल के अनुभव को सकारात्मक मानते हैं। व्यापक सर्वे के आधार पर मिले इस प्रमाणन ने यह साबित किया है कि SAIL न सिर्फ नीतियों में, बल्कि ज़मीनी स्तर पर भी कर्मचारियों का भरोसा जीत रही है।
ग्रेट प्लेस टू वर्क इंस्टीट्यूट, जो कार्यस्थल संस्कृति के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर एक प्रामाणिक संस्था मानी जाती है, उन्हीं संगठनों को यह सम्मान देता है जो कर्मचारियों को बेहतरीन कार्य अनुभव प्रदान करते हैं।
प्रगतिशील HR पहलों से बदला कार्यस्थल
SAIL बीते कुछ वर्षों से लगातार प्रगतिशील मानव संसाधन पहलों को लागू कर रही है। हाल की प्रमुख पहल SAIL DARPAN है, जिसका उद्देश्य एक पारदर्शी और प्रदर्शन-आधारित कार्यसंस्कृति विकसित करना है। इसके तहत लक्ष्य निर्धारण और मूल्यांकन को संगठनात्मक उद्देश्यों से जोड़ा गया है, ताकि कर्मचारी अपने विकास की जिम्मेदारी स्वयं ले सकें।
इसके अलावा, अधिकारियों को डोमेन-चेंज के अवसर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके लिए SAIL ने देश के प्रमुख संस्थानों—आईआईएम कोझिकोड, बेंगलुरु, जम्मू, रायपुर, रांची—के साथ-साथ XLRI और ASCI जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ समझौते किए हैं। इन कार्यक्रमों के तहत मार्केटिंग और एचआर जैसे क्षेत्रों में विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
नेतृत्व की प्रतिक्रिया
इस अवसर पर CMD SAIL अमरेंदु प्रकाश ने कहा कि लगातार तीसरी बार ‘ग्रेट प्लेस टू वर्क’ प्रमाणन मिलना पूरे SAIL परिवार के लिए गर्व का क्षण है। यह सम्मान उस भरोसे को दर्शाता है, जो कर्मचारी संगठन पर करते हैं और उस कार्यसंस्कृति का प्रमाण है, जिसे सभी मिलकर गढ़ रहे हैं।
आगे मिलेगा और फायदा
लगातार तीसरी बार मिला यह प्रमाणन SAIL को न सिर्फ एक अग्रणी इस्पात उत्पादक के रूप में स्थापित करता है, बल्कि एक आदर्श कार्यस्थल के रूप में भी उसकी पहचान को और मजबूत करता है। बदलते समय के साथ कर्मचारियों को केंद्र में रखकर की जा रही ये पहलें SAIL को आने वाले वर्षों में भी कार्यसंस्कृति की मिसाल बनाए रखने में अहम भूमिका निभाएंगी।











