सेल आईएसपी का कब्जेदारों पर एक्शन, रामबांध क्षेत्र में स्ट्रक्चर ध्वस्त

SAIL ISP takes Action Against Encroachers, Demolishes Structures in Rambandh Area
  • आइएसपी भूमि, भवनों एवं परिसरों पर हो रहे अनधिकृत कब्जों के विरुद्ध संपदा विभाग द्वारा चलाए जा रहे बेदखली अभियान का हिस्सा है।

सूचनाजी न्यूज, बर्नपुर। सेल इस्को इस्पात संयंत्र के संपदा विभाग (एस्टेट डिपार्टमेंट) के अंतर्गत सिक्योरिटी टीम द्वारा 15 फरवरी को एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए रामबांध कम्युनिटी हॉल के समीप कंपनी परिसर में अवैध रूप से निर्मित बांस की कुछ संरचनाओं को ध्वस्त कर दिया गया।

निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि संबंधित संरचनाएं कंपनी की भूमि पर बिना किसी वैध अनुमति या स्वीकृति के खड़ी की गई थीं, जो कंपनी के नियमों एवं संपदा प्रबंधन प्रावधानों का स्पष्ट उल्लंघन था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए संपदा विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इन अवैध निर्माणों को हटाने की प्रक्रिया पूरी की। पूरी कार्रवाई विधिसम्मत तरीके से तथा शांति व्यवस्था बनाए रखते हुए संपन्न की गई।

यह कार्रवाई हाल के दिनों में कंपनी की भूमि, भवनों एवं परिसरों पर हो रहे अनधिकृत कब्जों के विरुद्ध संपदा विभाग द्वारा चलाए जा रहे सघन बेदखली अभियान (इविक्शन ड्राइव) का हिस्सा है। संयंत्र प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि कंपनी की संपत्ति पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण या अतिक्रमण किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।

प्रबंधन ने यह भी बताया कि भविष्य में भी इस प्रकार के अनधिकृत कब्जों एवं निर्माणों के विरुद्ध निरंतर निगरानी रखी जाएगी तथा आवश्यकतानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी, ताकि कंपनी की परिसंपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और विकासात्मक गतिविधियों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

स्थानीय नागरिकों से अपील की गई है कि वे कंपनी की भूमि या परिसंपत्तियों पर किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य करने से पूर्व संबंधित विभाग से विधिवत अनुमति प्राप्त करें, अन्यथा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।