BSP एसएमएस-3 ने रचा नया कीर्तिमान: मार्च में 20,000 टन से अधिक EWNR ग्रेड स्टील का उत्पादन, वायर रॉड मिल में रोलिंग

SMS 3 Sets New Record Produces over 20000 Tonnes of EWNR Grade Steel in March (1)
  • उत्पादित इस्पात को सतत रूप से वायर रॉड मिल में रोल किया जा रहा है।

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र के इस्पात गलन शाला 3 (SMS-3) ने मार्च 2026 में एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए EWNR ग्रेड स्टील उत्पादन के पुराने रिकार्ड 6,730 टन (अप्रैल 2025 ) को ध्वस्त करते हुए 20,000 टन से अधिक सफल उत्पादन का नया कीर्तिमान स्थापित किया है, जो वर्तमान में भी निरंतर जारी है।

उत्पादित इस्पात को सतत रूप से वायर रॉड मिल में रोल किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि किसी एक माह में इस ग्रेड का यह अब तक का सर्वाधिक उत्पादन है, जो विभाग की उत्कृष्ट कार्यक्षमता, तकनीकी दक्षता एवं सुदृढ़ समन्वय का परिचायक है।

इस उपलब्धि के परिणामस्वरूप, SAIL को अन्य ग्रेड की तुलना में प्रति टन अधिक नेट सेल्स रियलाइजेशन (NSR) प्राप्त हो रहा है, जिससे संगठन की आर्थिक सुदृढ़ता को महत्वपूर्ण बल मिला है। इस सफलता के पीछे री-लैडलिंग यूनिट, डी-सल्फराइजेशन यूनिट, कन्वर्टर शॉप, लैडल-बे, सेकेंडरी रिफाइनिंग यूनिट, क्रेंन्स, कास्टर, डिस्पैच तथा आरसीएल विभाग का समन्वित, सुनियोजित एवं समर्पित प्रयास रहा है।

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर मुख्य महाप्रबंधक (इस्पात गलन शाला 3) त्रिभुवन बैठा ने विभाग के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की तथा भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने हेतु प्रेरित किया। यह उपलब्धि SMS-3 की सतत प्रगति, प्रभावी टीम वर्क, परिचालन उत्कृष्टता एवं उच्च गुणवत्ता के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का सशक्त प्रमाण है।