Rourkela Steel Plant: राउरकेला स्टील प्लांट के ऑक्सीजन प्लांट में जूनियर इंजीनियर अमर सिंह और उमादेवी की बेटी स्वस्ति सिंह हैं।
- 4 किमी टीम परस्यूट और महिला मैडिसन स्पर्धा में उतरेंगी साइकिलिस्ट स्वस्ति, 20 से अधिक राष्ट्रीय और 4 अंतरराष्ट्रीय पदक जीत चुकी हैं।
सूचनाजी न्यूज, राउरकेला। सेल राउरकेला स्टील प्लांट (RSP) परिवार के लिए गर्व का पल है। राउरकेला की युवा साइकिलिस्ट स्वस्ति सिंह एशियन गेम्स-2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करने जा रही हैं। वह साइकिलिंग की दो स्पर्धाओं 4 किमी टीम परस्यूट और महिला मैडिसन में भारतीय टीम की ओर से चुनौती पेश करेंगी।
स्वस्ति सिंह, राउरकेला स्टील प्लांट के ऑक्सीजन प्लांट में जूनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत अमर सिंह और उमादेवी की बेटी हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलने से उनके परिवार के साथ-साथ राउरकेला और ओडिशा में भी उत्साह है।
20 से ज्यादा राष्ट्रीय पदक, 4 अंतरराष्ट्रीय पदक
स्वस्ति ने कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के दम पर साइकिलिंग में अपनी अलग पहचान बनाई है। वह अब तक 20 से अधिक राष्ट्रीय पदक और 4 अंतरराष्ट्रीय पदक अपने नाम कर चुकी हैं। दिसंबर 2025 में रुद्रपुर में आयोजित 77वीं सीनियर नेशनल ट्रैक साइकिलिंग चैंपियनशिप में स्वस्ति ने शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने प्रतियोगिता में 3 स्वर्ण और 2 रजत पदक जीते। इस प्रदर्शन के आधार पर उन्हें टूर्नामेंट की ‘बेस्ट फीमेल साइकिलिस्ट’ चुना गया था।
RSP के मैदान से अंतरराष्ट्रीय मंच तक का सफर
स्वस्ति ने राउरकेला स्टील प्लांट के बीजू पटनायक हॉकी स्टेडियम में साइकिलिंग का प्रशिक्षण लेकर अपने खेल कौशल को निखारा। लगातार अभ्यास और लक्ष्य पर केंद्रित तैयारी के साथ उन्होंने स्थानीय स्तर से राष्ट्रीय और फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक का सफर तय किया। अब एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करना उनके खेल करियर की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस मंच पर वह 4 किमी टीम परस्यूट और महिला मैडिसन स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगी।
बेटी के चयन पर पिता बोले- बेहद गर्व और खुशी है
स्वस्ति के पिता अमर सिंह ने बेटी के चयन पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें इस बात पर बेहद गर्व है कि उनकी बेटी एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करने जा रही है। उन्होंने स्वस्ति की यात्रा में सहयोग, प्यार और आशीर्वाद देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया। उन्होंने विशेष रूप से RSP प्रबंधन का आभार व्यक्त किया, जिसने शुरुआती दौर में स्वस्ति की प्रतिभा को पहचाना और उसे आगे बढ़ने के लिए अवसर, मार्गदर्शन और प्रशिक्षण उपलब्ध कराया।
अमर सिंह ने कहा कि स्वस्ति मेहनती और समर्पित लड़की है और उन्हें उम्मीद है कि वह देश के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेगी तथा राउरकेला का नाम रोशन करेगी।
RSP परिवार ने दी शुभकामनाएं
स्वस्ति सिंह के एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम में चयन पर SAIL राउरकेला स्टील प्लांट के पूरे सामूहिक ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। RSP परिवार और राउरकेला शहर की उम्मीदें अब इस युवा साइकिलिस्ट से जुड़ी हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत चुकी स्वस्ति अब एशियन गेम्स के मंच पर भारत के लिए अपनी रफ्तार और हुनर दिखाने को तैयार हैं।



