- कर्मियों को वित्तीय जागरूकता, निवेश के विकल्पों तथा वरिष्ठ नागरिकों के लिए उपलब्ध बैंकिंग योजनाओं के बारे में सुझाव दिए गए।
सूचनाजी न्यूज, बोकारो। बोकारो इस्पात संयंत्र से फरवरी 2026 में सेवानिवृत्त होने वाले कुल 56 कार्मिकों को सेवानिवृत्ति से जुड़ी औपचारिकताओं तथा उसके उपरांत जीवन में आने वाले संभावित परिवर्तनों के समुचित प्रबंधन की जानकारी देने के उद्देश्य से मानव संसाधन के ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग के मुख्य प्रेक्षागृह में “एक नए सफ़र की शुरुआत” कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन मानव संसाधन के अंतिम निपटारा प्रकोष्ठ द्वारा किया गया, जिसमें सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों को जीवन के अगले पड़ाव के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के आरम्भ में वरीय प्रबंधक (मानव संसाधन-अंतिम निपटारा प्रकोष्ठ) कल्पना ने सभी आगंतुकों एवं सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों का स्वागत किया तथा कार्यक्रम के विभिन्न चरणों एवं इसके महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने सेवानिवृत्ति के पश्चात के महत्वपूर्ण पहलुओं जैसे स्वास्थ्य, वित्तीय नियोजन और अन्य गतिविधियों पर प्रकाश डाला।
वित्त एवं लेखा विभाग से वरीय प्रबंधक (वेतन लेखा) विनीता ने सेवानिवृत्ति के उपरांत प्राप्त होने वाली विभिन्न निधियों एवं वित्तीय लाभों के बारे में विस्तार से बताया। इसके पश्चात उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक लिमिटेड, चास शाखा की ओर से क्लस्टर मैनेजर प्रांजल कुमार एवं शाखा प्रबंधक महेश्वर साहू ने अपनी टीम के साथ कर्मियों को वित्तीय जागरूकता, निवेश के विकल्पों तथा वरिष्ठ नागरिकों के लिए उपलब्ध बैंकिंग योजनाओं के बारे में सुझाव दिए।
कर्मियों के स्वास्थ्य प्रबंधन पर मार्गदर्शन प्रदान करते हुए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएँ विभाग की चिकित्सा अधिकारी डॉ. जया लक्ष्मी ने सेवानिवृत्ति के बाद स्वस्थ जीवन शैली अपनाने हेतु उपयोगी टिप्स साझा किए।
नगर प्रशासन विभाग से कनीय प्रबंधक प्रणव कुमार विद्रोही ने आवास एवं भू-संपदा से जुड़ी विभिन्न औपचारिकताओं की जानकारी दी। साथ ही, श्रीराम लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के वेल्थ मैनेजर ऋतु रंजन कुमार ने एनपीएस (NPS) से बाहर निकलने की प्रक्रिया एवं संबंधित गतिविधियों से सुधिजनों को अवगत कराया।
शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से योग गुरु केबी. मिश्रा ने उपस्थित कर्मियों को विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया और जीवन में योग के महत्व पर चर्चा की।
कार्यक्रम के अंतिम सत्र में मानव संसाधन-अंतिम निपटारा प्रकोष्ठ की अनीता झा ने अंतिम निपटारा गतिविधियों के बारे में बताया। कार्यक्रम का सफल संचालन वरीय प्रबंधक (मानव संसाधन-अंतिम निपटारा प्रकोष्ठ) कल्पना के द्वारा किया गया तथा उन्हीं के धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
यह आयोजन बोकारो इस्पात संयंत्र की अपने कर्मियों के प्रति संवेदनशीलता और उनके कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता का परिचायक है। सेवानिवृत्ति के पश्चात कर्मियों को मानसिक, शारीरिक और वित्तीय रूप से सशक्त बनाने की यह पहल न केवल एक सुगम ट्रांज़िशन सुनिश्चित करती है, बल्कि एक जिम्मेदार कॉरपोरेट इकाई के रूप में बीएसएल के सामाजिक और मानवीय मूल्यों को भी सुदृढ़ करती है।











