- 30 फीट ऊंचा लायन, बारहसिंगा और रंगोली आपको आकर्षित करेगी।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। सेल भिलाई स्टील प्लांट द्वारा संचालित मैत्रीबाग में 8 फरवरी को फ्लॉवर शो है। यादगार संडे आप बनाना चाहते हैं तो मैत्रीबाग में परिवार संग चले आइए। सुबह 9 बजे से ही द्वार खुलेगा और शाम तक आपको मस्ती का मंच मिलेगा।
मैत्रीबाग में ऑनलाइन और टिकट काउंटर की व्यवस्था की गई है ताकि लोगों को परेशानी से बचाया जा सके। 50 प्रतियोगिताएं हो रही हैं। आपको पुरस्कार जीतने का भरपूर मौका है।
रंग-बिरंगे सैकड़ों तरह के फूलों का दीदार कर सकेंगे। प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर पुरस्कार भी जीतने का मौका है। बच्चों के लिए झूला और फूड कोर्ट पर खान-पान की व्यवस्था की गई है। म्यूजिक के शौकीन हैं तो आप यहां खुले मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन भी कर सकते हैं। मैत्रीबाग पहुंचने पर व्हाइट टाइगर का दीदार भी कर सकते हैं।

पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए चकाचक लाइटिंग की गई है। पुष्प प्रदर्शनी और सब्जियों की रेंज, रंगोली, डेकोरेशन प्रतियोगिता निश्चित रूप से आपको सुकून देगी। इसलिए फ्लॉवर शो को देखना मत भूलिएगा।
मैत्रीबाग फ्लॉवर शो में रंगोली देखे बगैर बाहर मत निकलिएगा। ऑपरेशन सिंदूर, प्रेमानंद महाराज की झलक और विमान हादसे का मंजर देखने को मिलेगा। ऑपरेशन सिंदूर की झलक में कर्नल सोफिया क़ुरैशी और भारतीय वायु सेना (IAF) में एक विंग कमांडर व्योमिका सिंह नजर आएंगी।

मैत्रीबाग के प्रभारी महाप्रबंधक डाक्टर नवीन कुमार जैन तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए शनिवार देर शाम तक टीम के साथ डटे रहे। पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए 30 फीट का लायन, बारहसिंगा, डायनासोर, बत्तख, जिराफ, कछुआ, फूलों का मोर बनाया गया है। ग्रीन कारपेट से बारहसिंगा तैयार किया गया है।











