सूचनाजी न्यूज, बर्नपुर। नरसिंहबंध क्षेत्र के कटगोला मैदान के समीप स्थित सेल इस्को स्टील प्लांट की भूमि पर किए गए अवैध निर्माण को आज एस्टेट कोर्ट के आदेशानुसार ध्वस्त कर दिया गया।
उक्त भूमि पर कमलेश शर्मा द्वारा बिना किसी वैध अनुमति के एक अवैध संरचना का निर्माण किया गया था। इस संबंध में कंपनी द्वारा एस्टेट कोर्ट में वाद दायर किया गया था। मामले की विधिवत सुनवाई के उपरांत माननीय एस्टेट कोर्ट ने कमलेश शर्मा के विरुद्ध बेदखली का आदेश पारित किया।
कंपनी द्वारा पूर्व में भी अतिक्रमण को समाप्त करने हेतु आवश्यक कार्रवाई की गई थी। अवैध रूप से निर्मित सीमा-दीवार को ध्वस्त कर दिया गया था तथा स्थल पर कंपनी की संपत्ति दर्शाने वाला बोर्ड स्थापित कर स्वामित्व सुनिश्चित किया गया था।
आज न्यायालय के आदेश के पूर्ण अनुपालन में शेष अवैध संरचना को भी हटाकर भूमि को अतिक्रमणमुक्त कर लिया गया।
एस्टेट अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कंपनी अतिक्रमण के विरुद्ध “शून्य-सहनशीलता” की नीति पर कार्य कर रही है। नए अतिक्रमण को रोकने तथा न्यायालय के आदेशों के कठोर अनुपालन हेतु सभी आवश्यक विधिक एवं प्रशासनिक कदम निरंतर उठाए जा रहे हैं।















