- ऐसे आयोजन से कर्मचारियों की प्रतिभा को मंच मिलेगा और संयंत्र में डिजिटल संस्कृति को और मजबूती मिलेगी।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र में ईडी (वर्क्स) डिजिटल चैंपियंस ट्रॉफी-2025 का आयोजन 6 एवं 7 मार्च 2026 को लर्निंग व डेवलपमेंट सेंटर में किया गया। यह प्रतियोगिता पहली बार कार्यकारी निदेशक (वर्क्स) के मार्गदर्शन में डिप्लोमा इंजीनियर्स एसोसिएशन, भिलाई के अनुरोध पर प्रारंभ की गई। इसलिए यह पहल कर्मचारियों में डिजिटल ज्ञान एवं नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
प्रतियोगिता में संयंत्र के विभिन्न विभागों के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी डिजिटल दक्षता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य कर्मचारियों के बीच डिजिटल तकनीकों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा कार्य प्रणाली को अधिक प्रभावी और आधुनिक बनाना है।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बी. वेंकट अप्पाराव, अनुराधा ध्रुव एवं तलासावुद्रम राजेश ने विजेता का स्थान प्राप्त किया। वहीं वामसी बेहरा, भीमांसु कश्यप एवं सैतान सिंह मीना प्रथम उपविजेता रहे। इसके अतिरिक्त प्रसाद गौडू, संज्योति तिर्की एवं सुधीर यादव ने द्वितीय उपविजेता का स्थान हासिल किया।
इस अवसर पर प्रबंधन ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि डिजिटल तकनीक आज के औद्योगिक परिवेश में अत्यंत महत्वपूर्ण है और इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ कर्मचारियों को नई तकनीकों को सीखने और अपनाने के लिए प्रेरित करती हैं।
डिप्लोमा इंजीनियर्स एसोसिएशन, भिलाई ने इस प्रतियोगिता को शुरू कराने के लिए प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी ऐसे आयोजन होते रहेंगे, जिससे कर्मचारियों की प्रतिभा को मंच मिलेगा और संयंत्र में डिजिटल संस्कृति को और मजबूती मिलेगी।



















