हिन्दू नववर्ष 2026: सेक्टर 9 चौक में लहराया भगवा, हनुमान चलीसा-महाआरती से मनीष पांडेय का बढ़ता कद

Hindu Nav Varsh 2026 Saffron flag hoisted at Sector 9 Chowk Hanuman Chalisa-Maha Aarti, Manish Pandey Leadership
  • हजारों की संख्या में युवाओं ने भगवा रैली में दी सहभगिता।
  • आयोजन स्थल पर भक्तिमय संगीत और भजन गूंजते रहे, जिससे पूरा चौक आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया।

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। हिन्दू नववर्ष विक्रम संवत 2083 के पावन अवसर पर श्रीराम जन्मोत्सव समिति भिलाई द्वारा आज सेक्टर-09 चौक में भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर विशाल भगवा ध्वजारोहण किया गया, सामूहिक रूप से श्री हनुमान चालीसा का पाठ हुआ और श्रद्धालुओं ने मिलकर भव्य महाआरती की। वहीं, मनीष पांडेय के समर्थकाें में इस बात की खुशी है कि सफल आयोजन से कद बढ़ता जा रहा है। युवाओं का रुझान और समर्थन इस बात को बल भी दे रहा है।

आयोजन स्थल पर उमड़े जनसैलाब ने पूरे वातावरण को भक्तिमय और ऊर्जावान बना दिया। कार्यक्रम पश्चात समिति के सदस्यों एवं पदाधिकारियों द्वारा हनुमान मंदिर सेक्टर 09 में बजरंग बली का आशीर्वाद प्राप्त किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सिविक सेंटर से निकली विशाल भगवा रैली से हुई। इस रैली में विभिन्न प्रखंडों से आए श्रीराम भक्तों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भगवा ध्वजों और जयघोष से पूरा मार्ग गूंज उठा। रैली में नगर के अनेक सामाजिक संगठनों के सदस्य भी शामिल हुए, जिन्होंने अपनी उपस्थिति से आयोजन को और अधिक भव्य बना दिया। रैली के दौरान श्रद्धालुओं ने “जय श्रीराम” के नारों से वातावरण को धर्ममय कर दिया।

रैली पश्चात सेक्टर-09 चौक पर विशाल भगवा ध्वजारोहण किया गया। ध्वजारोहण के साथ ही श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से श्री हनुमान चालीसा का पाठ किया। हजारों की संख्या में उपस्थित भक्तों ने एक स्वर में चालीसा का पाठ कर आस्था और ऊर्जा का अद्वितीय संगम प्रस्तुत किया। इसके बाद भव्य महाआरती संपन्न हुई, जिसमें श्रद्धालुओं ने दीप जलाकर प्रभु श्रीराम और हनुमान जी के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित की।

इस अवसर पर समिति के युवा विंग अध्यक्ष मनीष पाण्डेय ने सभी को हिन्दू नववर्ष की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि हिन्दू नववर्ष केवल कैलेंडर का बदलाव नहीं है, बल्कि यह हमारी संस्कृति, परंपरा और आध्यात्मिकता का उत्सव है। उन्होंने बताया कि श्रीराम जन्मोत्सव समिति पिछले 40 वर्षों से लगातार श्रीरामनवमी महाउत्सव का आयोजन करती आ रही है, जो आज भिलाई ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश में आस्था और एकता का प्रतीक बन चुका है।

मनीष पाण्डेय ने कहा कि समिति का उद्देश्य समाज में एकता, आस्था और संस्कृति का संदेश देना है। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से अपील की कि वे इस आयोजन में शामिल होकर अपनी ऊर्जा और उत्साह से वातावरण को और अधिक भव्य बनाएँ।

कार्यक्रम को समिति के प्रांतीय महामंत्री बुद्धन ठाकुर ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज को जोड़ने और युवाओं को अपनी संस्कृति से जोड़ने का माध्यम हैं। श्री ठाकुर ने श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि वे आगामी श्रीरामनवमी महाउत्सव में भी अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इसे भव्यता प्रदान करें। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति की परंपराओं को जीवंत बनाए रखना ही समिति का संकल्प है।

आयोजन में नगरवासियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्य, युवा और महिलाएँ बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सामूहिक हनुमान चालीसा और महाआरती के दौरान श्रद्धालुओं ने दीप जलाकर वातावरण को आलोकित कर दिया। आयोजन स्थल पर भक्तिमय संगीत और भजन गूंजते रहे, जिससे पूरा चौक आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया।