- सूचना मिलते ही प्लांट प्रबंधन के अधिकारी, जिनमें ईडी वर्क्स राकेश कुमार, यूनियन नेता भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) के भिलाई इस्पात संयंत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में ठेका मजदूर की मौत हो गई। ट्रक की चपेट में आने से 55 वर्षीय साइकिल सवार मजदूर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मौत की खबर लगते ही परिवार में कोहराम मच गया है। मृतक की बेटी छोटी है। उसकी पढ़ाई का खर्च कंपनी उठाने को तैयार है। मुआवजा राशि का भुगतान किया जाएगा। साथ ही मृतक की पत्नी को नौकरी भी दी जाएगी। पुलिस शव का पंचनामा कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा बीती रात प्लांट परिसर के अंदर रेल मिल क्षेत्र के जीरो कार्बाइड मोड़ के पास, 14 नंबर बिल्डिंग के सामने हुआ। मृतक की पहचान खुर्सीपार निवासी गोमती प्रसाद साहनी (55 वर्ष) के रूप में हुई है, जो एसआरयू का ठेका मजदूर बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि CG 04 OM 7139 नंबर का ट्रक रेल पटरी लोड करने के लिए रेल मिल शिपिंग एरिया की ओर जा रहा था। इसी दौरान टर्न लेते समय साइकिल सवार मजदूर ट्रक के पिछले चक्के की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि मजदूर को अंदरूनी चोटें आईं।
घायल मजदूर को तत्काल मेन मेडिकल पोस्ट ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सेक्टर-9 हॉस्पिटल रेफर किया गया। अस्पताल में उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया, जहां रात करीब 11 बजे के आसपास उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही प्लांट प्रबंधन के अधिकारी, जिनमें ईडी वर्क्स राकेश कुमार, यूनियन नेता भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। फिलहाल, इस घटना के बाद प्लांट में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।














