दुर्गापुर स्टील प्लांट में ‘काला दिवस’: श्रम संहिताओं के खिलाफ कर्मचारियों का प्रदर्शन

Black Day at Durgapur Steel Plant Workers Protest Against the Labor Code
  • कर्मचारियों ने शपथ भी ली कि वे पूरे दिन ‘काला दिवस’ के रूप में मनाएंगे और मजदूर हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेंगे।

सूचनाजी न्यूज, दुर्गापुर। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड के दुर्गापुर स्टील प्लांट (DSP) में बुधवार को कर्मचारियों ने ‘काला दिवस’ मनाते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह कार्यक्रम इंटक यूनियन के बैनर तले आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने भाग लिया।

देशभर के केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर 1 अप्रैल को ‘काला दिवस’ के रूप में मनाया गया। इसी क्रम में DSP के कर्मचारियों ने प्लांट परिसर में एकजुट होकर श्रम संहिताओं (लेबर कोड) के खिलाफ नारेबाजी की और अपना विरोध दर्ज कराया।

यूनियन प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा श्रम संहिताओं को एकतरफा तरीके से लागू किया जा रहा है, जो मजदूरों के हितों के खिलाफ है। कर्मचारियों ने इन श्रम कानूनों को तुरंत वापस लेने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने शपथ भी ली कि वे पूरे दिन ‘काला दिवस’ के रूप में मनाएंगे और मजदूर हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेंगे। इंटक यूनियन के नेताओं ने कहा कि यदि सरकार ने श्रमिक विरोधी नीतियों को वापस नहीं लिया, तो आने वाले समय में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।