सीजीएम बोले-ईडी वर्क्स के मार्गदर्शन में बेहतर रेस्ट रूम, कार्यस्थल एवं कार्य प्रणाली विकसित करने के प्रयास हो रहे।
नॉन-फाइनेंशियल मोटिवेशन स्कीम शीघ्र लागू करने तथा वर्ष 2007 की इंसेंटिव स्कीम का पुनरीक्षण कर नई एवं प्रभावी इंसेंटिव स्कीम लागू करने की मांग की।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। स्टील इम्प्लाइज यूनियन (इंटक) के प्रतिनिधिमंडल की बैठक कोक ओवन एवं कोल केमिकल विभाग के मुख्य महाप्रबंधक तुलाराम बेहरा के साथ संपन्न हुई। बैठक में यूनियन ने कर्मचारियों के हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए भिलाई इस्पात संयंत्र के कर्मवीरों के लिए नॉन-फाइनेंशियल मोटिवेशन स्कीम शीघ्र लागू करने तथा वर्ष 2007 की इंसेंटिव स्कीम का पुनरीक्षण कर नई एवं प्रभावी इंसेंटिव स्कीम लागू करने की मांग की।
इंटक यूनियन ने कहा कि कर्मचारियों द्वारा लगातार उत्पादन, उत्पादकता एवं लाभार्जन में वृद्धि की जा रही है। कोक ओवन के कर्मवीर उत्पादन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। भिलाई इस्पात संयंत्र के साथ-साथ सेल के अन्य इस्पात संयंत्रों को भी भिलाई से कोक की आपूर्ति की जा रही है। ऐसे में कर्मचारियों के उत्साहवर्धन के लिए नॉन-फाइनेंशियल मोटिवेशन स्कीम लागू किया जाना आवश्यक है।
मुख्य महाप्रबंधक तुलाराम बेहरा ने जानकारी दी कि इंटक यूनियन की मांग पर कोक ओवन में मॉडल रेस्ट रूम विकसित किया जा रहा है। सभी रेस्ट रूम में टाइल्स, कूलर तथा आरामदायक नई बेंचों की व्यवस्था की जा रही है। कैंटीन को भी सुव्यवस्थित बनाया जा रहा है तथा विभाग के आंतरिक मार्गों का सुधार कार्य चल रहा है। कोक ओवन बैटरी-11 के पीछे लिफ्टर क्षेत्र में कार्यरत ऑपरेटरों को वर्षा से बचाने हेतु शेड का निर्माण किया जा रहा है। गर्मी के मौसम में ठेका श्रमिकों को ओआरएस एवं नींबू पानी उपलब्ध कराया जा रहा है।
इंटक यूनियन के महासचिव संजय कुमार साहू ने सभी कंट्रोल रूम में लगे पैकेज एसी की कार्यक्षमता सुधारने, ठेका श्रमिकों को पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने, पूर्ण वेतन सुनिश्चित करने तथा तकनीकी उन्नयन हेतु नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि सुरक्षित कार्य वातावरण, बेहतर हाउसकीपिंग, प्री-मानसून तैयारियां तथा पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप कोक ओवन बैटरियों का संचालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। इस संबंध में यूनियन द्वारा कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए गए।
मुख्य महाप्रबंधक श्री बेहरा ने बताया कि कार्यपालक निदेशक (संकार्य) के मार्गदर्शन में कर्मचारियों के लिए बेहतर रेस्ट रूम, कार्यस्थल एवं कार्य प्रणाली विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। श्रमिकों के कल्याण एवं तकनीकी विकास के लिए लगातार प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। अन्य मांगों पर भी उच्च प्रबंधन से चर्चा कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा तथा विभागीय स्तर के कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जाएगा।
बैठक में सहायक महाप्रबंधक प्रशांत कुमार तथा इंटक यूनियन की ओर से गुरुदेव साहू, रेशम राठौर, जयराम ध्रुव, डी.पी. खरे, संतोष ठाकुर, मनोज कुलदीप एवं सत्येन्द्र सिंह उपस्थित थे।

