SAIL Perks Update: कर्मचारियों और अधिकारियों को मिलेगा अधिक टैक्स लाभ। मील कूपन की दर बढ़ी। नया आदेश जारी। डिटेल में पढ़िए।
- SAIL कर्मचारियों-अधिकारियों को बड़ी राहत, पर्क्स पर नया आदेश जारी।
- सेफी की पहल लाई रंग, SAIL में बढ़ा टैक्स छूट का दायरा।
अज़मत अली, भिलाई। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) प्रबंधन ने अधिकारियों और कर्मचारियों के पर्क्स (Perks) एवं अलाउंस को नए आयकर कानून 2025 और आयकर नियम 2026 के अनुरूप संशोधित करने का आदेश जारी कर दिया है। इस फैसले से कर्मचारियों और अधिकारियों को टैक्स छूट का अधिक लाभ मिलेगा।
खास बात यह है कि स्टील एग्जीक्यूटिव फेडरेशन ऑफ इंडिया (SEFI) के चेयरमैन नरेंद्र कुमार बंछोर के नेतृत्व में इस मुद्दे को SAIL सीएमडी और निदेशक (कार्मिक) के समक्ष उठाया गया था, जिसका सकारात्मक परिणाम अब सामने आया है। SAIL कॉरपोरेट कार्यालय ने 10 जून 2026 को अधिकारियों और गैर-अधिकारियों (Non-Executives) के लिए अलग-अलग आदेश जारी किए हैं। सेफी चेयरमैन एनके बंछोर ने सेल प्रबंधन का धन्यवाद अदा किया।
सबसे बड़ी राहत: मील कूपन चार गुना बढ़ा
नए आदेश के तहत कैफेटेरिया व्यवस्था में मिलने वाले लंच/मील कूपन की सीमा बढ़ाकर 100 रुपये प्रतिदिन से 400 रुपये प्रतिदिन कर दी गई है।
इसका मतलब है कि पात्र कर्मचारियों और अधिकारियों को अब प्रति माह अधिकतम 10,000 रुपये तक टैक्स छूट का लाभ मिल सकेगा। यह व्यवस्था जून 2026 से लागू होगी।
अधिकारियों के लिए क्या बदला
SAIL ने अधिकारियों के लिए कैफेटेरिया बास्केट में संशोधन किया है। अब वे निर्धारित सीमा के भीतर विभिन्न मदों में पर्क्स का चयन कर सकेंगे।
प्रमुख मद के बारे में भी जानिए
मील कूपन/फूड कार्ड – बेसिक पे का 10% तक
शिक्षा भत्ता – 5% तक
हॉस्टल भत्ता – 10% तक
प्रोफेशनल डेवलपमेंट अलाउंस – 10% तक
वाहन एवं चालक रखरखाव भत्ता – 10% तक
यूनिफॉर्म अलाउंस – 10% तक
वाशिंग अलाउंस – 5% तक
रेजिडेंशियल ऑफिस अटेंडेंट – 10% तक
LTC/LLTC – 10% तक
इंटरनेट एवं कम्युनिकेशन अलाउंस – 5% तक
क्लब मेंबरशिप अलाउंस – 5% तक
हालांकि अधिकारियों के लिए कुल पर्क्स की अधिकतम सीमा बेसिक वेतन के 35 प्रतिशत पर यथावत रखी गई है।
गैर-अधिकारियों (Non-Executives) के लिए भी संशोधन
कर्मचारियों के लिए भी कैफेटेरिया बास्केट में बदलाव
नई व्यवस्था में
कन्वेयंस/ट्रांसपोर्ट अलाउंस – 10% तक
कैंटीन/मील कूपन – 10% तक
LTC/LTA – 15% तक
शिक्षा भत्ता – 5% तक
हॉस्टल सब्सिडी – 10% तक
समाचार पत्र/प्रोफेशनल साहित्य – 2% तक
फ्यूल/एनर्जी अलाउंस – 3% तक
इंटरनेट/कम्युनिकेशन – 5% तक
वाहन मरम्मत एवं रखरखाव – 10% तक
घरेलू सहायता भत्ता – 5% तक
हाउस अपकीप अलाउंस – 5% तक
अन्य भत्ते – 10% तक
कर्मचारियों के लिए कुल कैफेटेरिया सीमा बेसिक वेतन के 26.5 प्रतिशत पर यथावत रखी गई है।
टैक्स बचत का मिलेगा बड़ा फायदा
नए आयकर नियमों के अनुरूप किए गए इस संशोधन का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों और अधिकारियों को उपलब्ध टैक्स छूट का अधिकतम लाभ दिलाना है। SAIL प्रबंधन ने प्लांटों और इकाइयों को आवश्यक सिस्टम बदलाव करने के निर्देश भी दिए हैं ताकि संशोधित पर्क्स और अलाउंस का भुगतान सुचारू रूप से किया जा सके।
सेफी की पहल सफल
SEFI चेयरमैन नरेंद्र कुमार बंछोर ने इस विषय को SAIL के शीर्ष प्रबंधन के समक्ष प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने SAIL चेयरमैन और निदेशक (कार्मिक) से मिलकर नए आयकर कानून के अनुरूप पर्क्स व्यवस्था में बदलाव की मांग की थी। अब जारी आदेश को सेफी की इस पहल की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

