दोस्तों से मिलने सुनिति उद्यान गया था बीटेक छात्र, 40 मिनट बाद लौटा तो गायब थी मोटरसाइकिल। भिलाई नगर थाने में एफआइआर दर्ज।
- शहर में सार्वजनिक स्थानों, पार्कों और बाजारों के बाहर खड़े दोपहिया वाहनों की चोरी की घटनाओं को देखते हुए सतर्क रहें।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। भिलाई में बाइक चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामला भिलाईनगर थाना क्षेत्र का है, जहां बीटेक की पढ़ाई कर रहे एक छात्र की मोटरसाइकिल सुनिति उद्यान के बाहर से चोरी हो गई। पीड़ित की शिकायत पर भिलाईनगर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार डी. यश कुमार बीटेक के छात्र हैं। उन्होंने बताया कि 12 जून 2026 को वह अपने दोस्त चंद्रेश सोनी के साथ मोटरसाइकिल से नेहरू नगर स्थित कोचिंग सेंटर गए थे। कोचिंग के बाद दोनों अपने दोस्तों से मिलने सुनिति उद्यान पहुंचे।
पार्क के बाहर खड़ी की थी बाइक
यश कुमार ने बताया कि उन्होंने अपनी हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 BA 4937 को दोपहर करीब 1 बजे सुनिति उद्यान के मुख्य गेट के पास खड़ा किया था। इसके बाद वह अपने दोस्तों से मिलने पार्क के अंदर चले गए।
करीब 40 मिनट बाद जब वह दोपहर 1.40 बजे वापस लौटे तो देखा कि जहां बाइक खड़ी की थी, वहां वाहन मौजूद नहीं था। पहले उन्होंने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन मोटरसाइकिल का कोई पता नहीं चला।
अज्ञात चोर पर चोरी का आरोप
पीड़ित के अनुसार उनकी मोटरसाइकिल उनके बड़े पिताजी डी. नोका राजु के नाम से पंजीकृत है, जिसका उपयोग वह स्वयं करते हैं। काफी तलाश के बाद भी बाइक नहीं मिलने पर उन्होंने अपने पिता डी. कृष्णा राव को घटना की जानकारी दी और फिर भिलाईनगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस जुटी जांच में
भिलाईनगर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है। शहर में सार्वजनिक स्थानों, पार्कों और बाजारों के बाहर खड़े दोपहिया वाहनों की चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने वाहन चालकों से सुरक्षा के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है।

