धोखाधड़ी की शिकायत National Cyber Crime Reporting Portal पर दर्ज नहीं करा पा रहे, क्योंकि ठग ने नंबर ही बदल दिया है।
- HDFC बैंक का Indian Oil Credit Card था, जिसका काफी समय से उपयोग नहीं कर रहा थे।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। सेल भिलाई स्टील प्लांट के एजीएम के साथ साइबर ठगी काफी हैरान करने वाली है। बीएसपी प्लेट मिल के एजीएम अजय कुमार चौरसिया की बगैर सहमति लिए ही बैंक ने एक नया RuPay Credit Card जारी कर दिया। न तो घर के पते पर कार्ड भेजा गया और न ही भौतिक सत्यापन कराया गया। साइबर क्राइम की वारदात को अंजाम देने वाले ठग ने 91 हजार 500 रुपए की चपत लगा दी है।
अजय कुमार चौरसिया का कहना है कि उनके नाम पर HDFC बैंक का Indian Oil Credit Card था, जिसका काफी समय से उपयोग नहीं कर रहा थे। उनकी जानकारी एवं सहमति के बिना बैंक द्वारा एक नया RuPay Credit Card जारी किया गया। यह कार्ड उन्हें कभी भी भौतिक रूप से प्राप्त नहीं हुआ और न ही इसके जारी होने की कोई जानकारी दी गई।
एचडीएफसी बैंक से फोन आया और जानकारी दी गई कि आपने क्रेडिट कार्ड पर अपना फोन नंबर अपडेट कराया है क्या? कस्टमर केयर से फोन आने पर पता चला कि उक्त क्रेडिट कार्ड में उनका मोबाइल नंबर बदल दिया गया है तथा उसी कार्ड के माध्यम से फ्रॉड किया गया है।
इस धोखाधड़ी की शिकायत National Cyber Crime Reporting Portal पर दर्ज कराना चाहते हैं, लेकिन शिकायत दर्ज करने के लिए संबंधित क्रेडिट कार्ड का पूरा नंबर आवश्यक है। चूँकि उक्त कार्ड कभी उनके पास आया ही नहीं, इसलिए उसका पूरा नंबर पास में उपलब्ध नहीं है।
लगभग एक सप्ताह पूर्व बैंक से उस क्रेडिट कार्ड का पूरा नंबर अथवा आवश्यक विवरण उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था, परंतु आज तक उन्हें कोई जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई है। बैंक द्वारा जानकारी न दिए जाने के कारण साइबर क्राइम में शिकायत दर्ज नहीं करा पा रहे, जिससे जांच और कार्रवाई में अनावश्यक विलंब हो रहा है।

