महासचिव संजय कुमार साहू ने बताया कि वर्ष 2017 से अब तक सेल को लगभग 40,000 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ प्राप्त हुआ है।
- 39 महीने के एरियर एवं लंबित वेतन समझौते को पूर्ण करने तथा नई वेज कमेटी के गठन की मांग को लेकर सेल चेयरमैन के नाम इंटक ने सौंपा ज्ञापन।
- कंपनी के लगातार लाभ अर्जित करने के बावजूद कर्मचारियों का वेतन समझौता लंबित रखना उचित नहीं है।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। स्टील इम्प्लाइज यूनियन (इंटक) के महासचिव संजय कुमार साहू के नेतृत्व में यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने सेल चेयरमैन के नाम 39 महीने के एरियर का भुगतान, लंबित वेतन समझौते को शीघ्र पूर्ण कराने की मांग का पत्र भेजा है। 1 जनवरी 2027 से प्रस्तावित नए वेतन समझौते के लिए नई एनजेसीएस कमेटी के गठन की मांग संबंधी ज्ञापन वरिष्ठ प्रबंधक (औद्योगिक संबंध) राहुल थोटे को सौंपा। इस दौरान यूनियन प्रतिनिधियों ने विभिन्न मांगों पर विस्तार से चर्चा भी की।
महासचिव संजय कुमार साहू ने कहा कि 01 जनवरी 2017 से प्रभावी वेतन समझौते की प्रक्रिया को लगभग नौ वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन आज तक इसे अंतिम रूप नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि सेल के कर्मवीरों और प्रबंधन के संयुक्त प्रयासों से कंपनी ने लगातार उत्पादन, उत्पादकता एवं लाभ के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। ऐसे में कर्मचारियों के साथ न्याय करते हुए लंबित वेतन समझौते को तत्काल पूरा किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि 01 जनवरी 2027 से नया वेतन समझौता लागू होना प्रस्तावित है। वर्तमान व्यवस्था में अधिकारियों और कर्मचारियों के वेतन समझौते की अवधि 10-10 वर्ष होने के कारण दोनों लगभग समान समयावधि में आ गए हैं। इसलिए भविष्य में होने वाले वेतन समझौते में यह सुनिश्चित किया जाए कि अधिकारियों और कर्मचारियों दोनों को वेतन वृद्धि का लाभ समान, पारदर्शी और न्यायसंगत रूप से प्राप्त हो।
इंटक यूनियन ने मांग की कि एनजेसीएस की पूर्ण बैठक शीघ्र बुलाई जाए, 01 जनवरी 2017 से लंबित वेतन समझौते को तत्काल पूर्ण किया जाए, 39 महीने के एरियर का भुगतान किया जाए तथा 01 जनवरी 2027 से प्रस्तावित वेतन समझौते के लिए नई एनजेसीएस कमेटी का गठन शीघ्र किया जाए, ताकि वेतन पुनरीक्षण की प्रक्रिया समय पर प्रारंभ हो सके।
ये खबर भी पढ़ें: भिलाई स्टील प्लांट और सेक्टर 9 हॉस्पिटल की कैंटीन पर गंभीर आरोप, पढ़ें
महासचिव संजय कुमार साहू ने बताया कि वर्ष 2017 से अब तक सेल को लगभग 40,000 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ प्राप्त हुआ है। कंपनी के लगातार लाभ अर्जित करने के बावजूद कर्मचारियों का वेतन समझौता लंबित रखना उचित नहीं है। इससे कर्मवीरों का मनोबल प्रभावित हो रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो स्टील इम्प्लाइज यूनियन (इंटक) कर्मचारियों के हित में चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रतिनिधिमंडल में पूरन वर्मा, जी.के. सूर्यवंशी, रमन मूर्ति, एस.बी. सिंह, सी.पी. वर्मा, गुरुदेव साहू, दीनानाथ सिंह सार्वा, विजय कुमार विश्वकर्मा एवं जयराम ध्रुव उपस्थित थे।

