कॉरपोरेट ऑफिस व सेंट्रल मार्केटिंग ऑफिस कोलकाता से संपर्क कर समस्या का निदान कराने और जल्द भुगतान की बात कही गई।
- ठेका श्रमिकों को केंद्रीय न्यूनतम वेतन का बढ़ा हुआ भुगतान तथा एडब्ल्यूए की बकाया राशि का जल्द से जल्द भुगतान करने की मांग।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। सेल स्टॉक यार्ड भिलाई में कार्यरत ठेका श्रमिकों को जुलाई माह के वेतन से एडब्ल्यूए बंद कर दिए जाने तथा अगस्त में मिलने वाले वेतन में ठेका कंपनी द्वारा एडब्ल्यूए की राशि काट लिए जाने से श्रमिकों में भारी आक्रोश है। इसके साथ ही श्रमिकों के वेतन में केंद्रीय न्यूनतम वेतन की बढ़ोतरी का लाभ भी नहीं दिया गया, जिसके कारण उन्हें काफी कम वेतन प्राप्त हुआ है।
सेल स्टॉक यार्ड भिलाई में करीब 80 ठेका श्रमिक कार्यरत हैं, जो सेल के विभिन्न संयंत्रों में उत्पादित सामग्री को ग्राहकों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। श्रमिकों ने इस समस्या की जानकारी स्टील ठेका श्रमिक यूनियन (इंटक) को दी।
श्रमिकों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए स्टील ठेका श्रमिक यूनियन के अध्यक्ष संजय कुमार साहू श्रमिकों के साथ सेल स्टॉक यार्ड पहुंचे और उप महाप्रबंधक एवं वेयरहाउस मैनेजर के समक्ष विरोध दर्ज कराया। उन्होंने मांग की कि ठेका श्रमिकों को केंद्रीय न्यूनतम वेतन का बढ़ा हुआ भुगतान तथा एडब्ल्यूए की बकाया राशि का जल्द से जल्द भुगतान किया जाए। साथ ही एडब्ल्यूए का भुगतान लगातार जारी रखने की मांग की गई।
संजय कुमार साहू ने कहा कि ठेका श्रमिकों के वेतन में किसी भी प्रकार की कटौती स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि जल्द ही केंद्रीय न्यूनतम वेतन एवं एडब्ल्यूए की राशि का भुगतान नहीं किया गया तो इंटक यूनियन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जवाबदारी सेल स्टॉक यार्ड प्रबंधन की होगी।
इस पर उप महाप्रबंधक प्रलय देव ने आश्वासन दिया कि इस मामले में जल्द ही कॉरपोरेट ऑफिस तथा सेंट्रल मार्केटिंग ऑफिस, कोलकाता से संपर्क कर समस्या का निदान कराया जाएगा और श्रमिकों को जल्द से जल्द भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक में इंटक यूनियन की ओर से जयराम ध्रुव, जय कुमार, नवीन कुमार, इंद्रमणि, उमापति, अंजू राम, वेद प्रकाश, किशन, गोपाल सिंह, संतोष, रमेश, शिवदयाल, हीरा, कुलदीप, रामेश्वर, शिवनारायण, हेमशंकर, रंगाधर सहित बड़ी संख्या में ठेका श्रमिक उपस्थित थे।

