सब-जूनियर बालक एवं बालिका, जूनियर बालक एवं बालिका तथा सीनियर पुरुष एवं महिला वर्ग के पदक विजेताओं को मिली सम्मान राशि।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। छत्तीसगढ़ साइकिल पोलो संघ की उपलब्धियों में एक और गौरवपूर्ण अध्याय जुड़ गया है। राज्य खेल अलंकरण समारोह में विगत तीन वर्षों 2023-24, 2024-25 एवं 2025-26 के पदक विजेता भिलाई के कुल 61 साइकिल पोलो खिलाड़ियों को खेल दिवस के अवसर पर सम्मानित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ के माननीय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय थे। विशेष अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं खेलमंत्री अरूण साव एवं दुर्ग लोकसभा सांसद एवं छत्तीसगढ़ ओलम्पिक एसोसिएशन के उपाध्यक्ष माननीय विजय बघेल उपस्थित थे।
छत्तीसगढ़ साइकिल पोलो संघ के संयुक्त सचिव एवं साइकिल पोलो फेडरेशन ऑफ इंडिया के पूर्व संयुक्त सचिव विनायक चन्नावार तथा बीएसपी साइकिल पोलो क्लब के अध्यक्ष एवं ओए-बीएसपी के पूर्व महासचिव परविंदर सिंह ने बताया कि राज्य के खिलाड़ियों ने साइकिल पोलो के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है। इसी उपलब्धि के फलस्वरूप भिलाई के 61 पदक विजेता खिलाड़ियों को राज्य खेल अलंकरण समारोह में सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह में सब-जूनियर बालक एवं बालिका, जूनियर बालक एवं बालिका तथा सीनियर पुरुष एवं महिला वर्ग के पदक विजेता खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों के अनुरूप सम्मान राशि प्रदान की गई। सब-जूनियर वर्ग में स्वर्ण पदक विजेता को ₹10,000, रजत पदक विजेता को ₹5,000 तथा कांस्य पदक विजेता को ₹4,000 की सम्मान राशि प्रदान की गई।
इसी प्रकार जूनियर वर्ग में स्वर्ण पदक विजेता को ₹15,000, रजत पदक विजेता को ₹10,000 तथा कांस्य पदक विजेता को ₹7,000 की राशि प्रदान की गई।
वहीं सीनियर पुरुष एवं महिला वर्ग में स्वर्ण पदक विजेता को ₹25,000, रजत पदक विजेता को ₹20,000 तथा कांस्य पदक विजेता को ₹15,000 की सम्मान राशि से सम्मानित किया गया।
इस उपलब्धि पर सेफी चेयरमैन एवं बीएसपी साइक्लिंग क्लब के अध्यक्ष नरेंद्र बंछोर, छत्तीसगढ़ साइकिल पोलो संघ के अध्यक्ष डॉ. रमेश श्रीवास्तव, बीएसपी साइकिल पोलो क्लब के अध्यक्ष एवं ओए-बीएसपी के पूर्व महासचिव श्री परविंदर सिंह तथा साइकिल पोलो फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव श्री तोशेंद्र वर्मा ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों एवं उनके पालकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की यह उपलब्धि भिलाई सहित पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है तथा राज्य में साइकिल पोलो के विकास और खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए यह सम्मान निश्चित रूप से प्रेरणादायी सिद्ध होगा।
इस अवसर पर नरेंद्र बंछोर, परविंदर सिंह, डॉ. रमेश श्रीवास्तव, तोशेंद्र वर्मा, विनायक चन्नावार, रामजशपाल, देवप्रकाश वर्मा, शशांक देशमुख, अभिषेक मिश्रा सहित प्रशिक्षक दुष्यंत बारले एवं साइकिल पोलो संघ के सभी पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
राष्ट्रीय चौंपियनशिप में विभिन्न दलों में भाग लेने वाले दलों के कप्तान ये हैं
सब जूनियर बालक: भावेश निर्मलकर, सब जूनियर बालिका: कुमारी गुंजन साहू, जूनियर बालक वर्ग: पंकज सिन्हा, जूनियर बालिका वर्ग कुमारी इशिता सिन्हा, सीनियर पुरुष: रोहन टांडी, फेडरेशन कप पुरुष: चंद्रशेखर साहू, सीनियर महिला वर्गः कुमारी पूनम देवी, फेडरेशन कप महिला रूलक्ष्मी निर्मलकर तथा मिक्स चौंपियनशिप: विकास कुमार, प्रशिक्षक: देव प्रकाश वर्मा, शशांक देशमुख, दुष्यंत बारले, श्रीमती बीना मिश्रा।
छत्तीसगढ़ साइकिल पोलो संघ ने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य के खिलाड़ी आने वाले समय में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ और देश का नाम गौरवान्वित करेंगे।
इधर, साइकिल रैली निकाली
भारतीय खेल प्राधिकरण भारत सरकार द्वारा संचालित फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल कार्यक्रम का बीएसपी साइक्लिंग क्लब, साइकिलिंग एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ एवं बीएसपी सायकल पोलो क्लब के संयुक्त तत्वाधान मे भिलाई का साइकिल रैली आयोजित किया गया। यह रैली बीएसपी ऑफिसर्स एसोसिएशन प्रगति भवन से शुरू हुई, शहीद उद्यान, परिवार चौक से रेल चौक होते हुए मिराज सिनेमा चौक से होते हुए वापस प्रगति भवन पहुंची। इस आयोजन में प्रतिभागियों ने अत्यंत उत्साह का प्रदर्शन किया। रैली में लगभग 75 बच्चों के साथ बीएसपी साइक्लिंग क्लब, बीएसपी सायकल पोलो क्लब एवं साइकिलिंग एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ के पदाधिकारियों ने भी भाग लिया। इस साइकल रैली में बीएसपी साइकिलिंग पोलो क्लब एवं ओए-बीएसपी के पूर्व महासचिव परविन्दर सिंह के नेतृत्व में साइकिलिंग की गई।
