अध्यक्ष मनीष पाण्डेय ने सेक्टर-9 स्थित हनुमान मंदिर पहुंचकर बजरंगबली के दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
- श्रीराम जन्मोत्सव समिति युवा विंग अध्यक्ष मनीष पाण्डेय के जन्मदिन पर हुआ आयोजन।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। श्रीराम जन्मोत्सव समिति द्वारा आज भिलाई में सेवा, खेल और सनातन संस्कृति को समर्पित विभिन्न कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। समिति की युवा शाखा के अध्यक्ष मनीष पाण्डेय के जन्मदिवस के अवसर पर सुबह ‘रन भिलाई रन – द स्टील सिटी रन’ मैराथन का आयोजन हुआ, वहीं शाम को भारी बारिश के बीच सेक्टर-9 चौक पर जिले का सबसे विशाल 51 फीट भगवा ध्वज हनुमान चालीसा एवं महाआरती के साथ फहराया गया।
सुबह आई लव भिलाई चौक, सिविक सेंटर से 5 किलोमीटर की ‘रन भिलाई रन – द स्टील सिटी रन’ मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। मैराथन की विशेष थीम ‘नक्सलमुक्त बस्तर’ रही। बस्तर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे युवाओं के साथ आदिवासी एवं अनाथ बच्चों ने भी सहभागिता कर शांति, विकास और उज्ज्वल भविष्य का संदेश दिया।
श्री पाण्डेय ने कहा कि यह मैराथन केवल स्वास्थ्य और फिटनेस का आयोजन नहीं, बल्कि युवाओं की ऊर्जा, एकता तथा नक्सलमुक्त, विकसित और शांतिपूर्ण बस्तर के संकल्प का प्रतीक है। प्रतिभागियों ने भी नक्सलमुक्त और विकसित बस्तर के निर्माण में अपनी सहभागिता निभाने का संकल्प लिया। मैराथन के पुरुष वर्ग में बिलासपुर के मनीष (बैच क्रमांक 757) ने प्रथम, भिलाई के आशुतोष सिंह (बैच 712) ने द्वितीय तथा राजनांदगांव के लिलेश्वर (बैच 107) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में भिलाई की रुक्मणी साहू प्रथम स्थान पर रहीं। विजेता प्रतिभागियों को समिति के संरक्षक एवं छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पाण्डेय द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सेक्टर-9 स्थित हनुमान चालीसा चौक पर भारी बारिश भी श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं के उत्साह को कम नहीं कर सकी। मूसलाधार बारिश के बीच बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं एवं कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह और आस्था के साथ 51 फीट ऊंचे विशाल भगवा ध्वज के ध्वजारोहण में सहभागिता की। बारिश के बीच सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ एवं भव्य महाआरती का आयोजन हुआ और जय श्रीराम तथा जय बजरंगबली के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। विपरीत मौसम के बावजूद लोगों का उत्साह और सनातन संस्कृति के प्रति आस्था देखते ही बनी। आयोजन के माध्यम से सनातन संस्कृति, सामाजिक एकता और सेवा का संदेश दिया गया।
इससे पूर्व मनीष पाण्डेय ने सेक्टर-9 स्थित हनुमान मंदिर पहुंचकर बजरंगबली के दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। दिनभर स्नेह संपदा सेक्टर-8, नया नवदीप विद्या मंदिर सिविक सेंटर, सेक्टर-1 बीएसएनएल चौक एवं सेक्टर-9 स्थित निवास सहित विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों के बीच जन्मदिन मनाया गया। श्रीराम जन्मोत्सव समिति ने मैराथन एवं विशाल भगवा ध्वजारोहण में सहभागी खिलाड़ियों, युवाओं, मातृशक्ति, कार्यकर्ताओं, सहयोगियों एवं भिलाई-दुर्ग के नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

