S3 ग्रेड एवं उससे ऊपर ग्रेड के सभी कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों के लिए एयर कंडीशन वार्ड की व्यवस्था करने की मांग की गई।
सूचनाजी न्यूज, बोकारो। बोकारो जनरल अस्पताल में मरीजों और बोकारो स्टील प्लांट में कार्यरत कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों के स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े विषयों को एक बार फिर से उठाया गया। पूर्व में दिए गए मांग पत्र के संदर्भ में शुक्रवार को बोकारो इस्पात डिप्लोमा धारी कामगार यूनियन BIDU का प्रतिनिधिमंडल बोकारो जनरल अस्पताल के प्रभारी अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, (प्रशासन) डॉक्टर दीपक कुमार से मिला। सभी मुद्दों को फिर से उठाया।
यूनियन के महामंत्री संदीप कुमार ने कहा कि-
1) S3 ग्रेड एवं उससे ऊपर ग्रेड के सभी कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों के लिए एयर कंडीशन वार्ड की व्यवस्था करना।
2) मरीजों के लिए वर्षों पुराने बेड के जगह पर नए एवं आधुनिक बेड लगवाएं जाएं।
3) वर्तमान में कर्मचारियों को मेडिकल ग्राउंड पर ग्राउंड फ्लोर क्वार्टर आवंटन के लिए मेडिकल बोर्ड में जिन सात बीमारियों का उल्लेख है उसको रिव्यू किया जाए। घुटनों तथा अन्य बीमारियों को भी उसमें जोड़ा जाए, ताकि वैसे कर्मचारी जिनके माता-पिता को घुटनों से संबंधित समस्या है और वे ऊपर फ्लोर पर रहने को विवश है। उनको मेडिकल ग्राउंड पर ग्राउंड फ्लोर क्वार्टर आवंटित हो सके।
4) बीजीएच के दवा काउंटर पर लगे टोकन मशीन की संख्या बढ़ाई जाए, जिससे कि एक मशीन के खराब होने पर उसके मरम्मत के दौरान दूसरा मशीन चालू अवस्था में रहे।
5) पहले की तुलना में फार्मासिस्टों की संख्या कम होने के कारण वर्तमान कर्मियों पर वर्क लोड ज्यादा है। अतः फार्मासिस्टों की संख्या बढ़ाई जाए जिससे कि सभी फार्मासिस्ट तनाव रहित होकर कार्य करें एवं मरीजों को दवा लेने में किसी प्रकार की कोई दिक्कत ना हो।
अस्पताल प्रबंधन के तरफ से बताया गया कि प्रबंधन द्वारा चिकित्सा व्यस्था को सुदृढ़ करने के लिए इन विषयों सहित बहुत से अन्य विषयों पर भी कार्य किए जा रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष रवि शंकर,महामंत्री संदीप कुमार, संयुक्त महामंत्री प्रेमनाथ कोषाध्यक्ष सोनू शाह, नितेश कुमार सिंह,राहुल सिंह,चंदन कुमार, संटू कुमार,राकेश सिन्हा आदि मौजूद रहे।


