मानव आश्रम, सेक्टर-1 में गणेशोत्सव 2026 का भक्तिमय एवं सांस्कृतिक आयोजन। समाज की वरिष्ठ महिलाओं का हुआ सम्मान।
- गणपति बप्पा की भक्ति और सांस्कृतिक उल्लास दिखा कार्यक्रम में।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। कान्यकुब्ज सामाजिक चेतना मंच, भिलाई-दुर्ग की महिलाओं द्वारा मानव आश्रम, सेक्टर-1 में गणेशोत्सव 2026 का भक्तिमय एवं सांस्कृतिक आयोजन किया गया। आयोजन में समाज के बच्चों ने विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण समाज की उन वरिष्ठ महिलाओं का सम्मान रहा, जिन्होंने अपने सक्रिय सामाजिक योगदान के माध्यम से पूर्व में समाज को सांस्कृतिक रूप से समृद्ध करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर कमला शुक्ला, गंगाश्री त्रिपाठी, मनोरमा मिश्रा, सुशीला द्विवेदी, शांति अवस्थी एवं सुशीला दीक्षित का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता निहारिका मिश्रा ने की और संचालन आत्मजा बाजपेई एवं आराधना तिवारी ने किया। अनुभा तिवारी की भावपूर्ण भजन प्रस्तुति ने पूरे सभागार को भक्ति रस से सराबोर कर दिया।
आयोजन में बड़ी संख्या में समाज की महिलाओं की सहभागिता रही। गणपति बप्पा की भक्ति और सांस्कृतिक उल्लास से वातावरण भक्तिमय बना रहा। गणपति बप्पा मोरया के जयघोष के बीच उपस्थित महिलाओं ने इस आयोजन का आनंद लिया।
महिला मंडल द्वारा आयोजित यह गणेशोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का उत्सव रहा, बल्कि नई पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ने और समाज की वरिष्ठ महिलाओं के योगदान को सम्मानपूर्वक स्मरण करने का सार्थक प्रयास भी बना।



