बीएसपी अनाधिशासी कर्मचारी संघ: BAKS ने जारी किया 2026 का कैलेंडर, संघर्ष की झलक

BAKS Releases 2026 Calendar a Glimpse of the Struggle
  • सभी पदाधिकारियों ने कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान हेतु एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। बीएसपी अनाधिशासी कर्मचारी संघ (BAKS) के आंतरिक चुनाव के पश्चात नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं वर्किंग कमेटी सदस्यों की बैठक सिविक सेक्टर भिलाई में हुई। बैठक में आपसी परिचय के साथ संगठन की आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर संघ के अध्यक्ष अमर सिंह एवं महासचिव किशोर कुमार साव के करकमलों से वर्ष 2026 के कैलेंडर का भव्य विमोचन किया गया। कैलेंडर में संघ के संघर्ष, उपलब्धियाँ एवं कर्मचारियों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से दर्शाया गया है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अध्यक्ष अमर सिंह ने संगठन की एकता, अनुशासन एवं कर्मचारियों के हित में संघर्ष को निरंतर जारी रखने की बात कही। वहीं उपाध्यक्ष श्री अभिषेक कुमार सिंह ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने हेतु सभी सदस्यों से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।

बैठक में उप-महासचिव नवीन कुमार ध्रुव, कोषाध्यक्ष नवीन कुमार, उप-कोषाध्यक्ष टिकेंद्र पटेल एवं सचिव अजय रत्न वासनिक सहित वर्किंग कमेटी के सभी सदस्यों एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी पदाधिकारियों ने कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान हेतु एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का समापन संगठन की मजबूती, पारदर्शिता एवं कर्मचारी हित सर्वोपरि रखने के संदेश के साथ हुआ। बीएकेएस अध्यक्ष अमर सिंह ने कहा-बीएकेएस एक मात्र यूनियन है जो पूर्णतः निर्वाचित है।

जिसके सभी पदाधिकारी कर्मचारी है तथा संघ ने स्थापना काल से जितने विषय सभी फोरम पर उठाए हैं, उतने सभी अन्य संगठनों ने संयुक्त रुप से भी नहीं उठाया है।