Bhilai Steel Plant: इलेक्ट्रिकल डिपार्टमेंट के कर्मचारियों पर FIR मामला, महाप्रबंधक प्रभारी CITU से बोले-डरे नहीं हम आपके साथ

Bhilai Steel Plant FIR against Electrical Department Employees General Manager in charge Tells CITU-Dont be Afraid We are with You
  • टाउनशिप के इलेक्ट्रिकल विभाग में कार्य करने वाले सभी कर्मियों का उचित ट्रेनिंग करवा कर सर्टिफिकेट जारी करने की मांग।

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। सेल भिलाई टाउनशिप के इलेक्ट्रिकल विभाग के कार्य पद्धति पर सीटू ने सवाल उठाए हैं। महाप्रबंधक, प्रभारी (नगर प्रशासन एवं सेवाएं विभाग) एबी श्रीनिवास के बीच बैठक हुई।

3 सितंबर 2025 को सेक्टर 6 बम्लेश्वरी मंदिर के पास कार्य के दौरान हुई दुर्घटना एवं उसके पश्चात विकसित हुए घटनाक्रम से टाउनशिप के इलेक्ट्रिकल विभाग के कर्मी दहशत में है।

छानबीन के दौरान दुर्घटना पश्चात इंज्यूरी फॉर्म ना भरने, ठेका कर्मियों को उचित ट्रेनिंग देने, कार्य करने अथवा करवाने के संदर्भ में स्पष्ट गाइडलाइन देने, थाने में शिकायत हो जाने के बाद उचित दखल देने आदि के संदर्भ में यूनियन के सामने कुछ महत्वपूर्ण प्रश्न आए, जिस पर चर्चा के पश्चात कुछ महत्वपूर्ण सुझाव के साथ महा प्रबंधक (नगर सेवाएं विभाग) ने कहा-आप लोग डरे नहीं, हम आपके साथ हैं।

सीटू ने प्रस्तुत किया कुछ महत्वपूर्ण सुझाव

1) कार्य के दौरान घटना अथवा दुर्घटना होने पर उसके लिए निर्धारित उचित फॉर्म भरा जाए।
2) टाउनशिप के इलेक्ट्रिकल विभाग में कार्य करने वाले सभी कर्मियों का उचित ट्रेनिंग करवा कर सर्टिफिकेट जारी किया जाए।
3) बदलती परिस्थितियों में टाउनशिप के इलेक्ट्रिकल विभाग में कार्यरत स्थाई एवं ठेका कर्मियों द्वारा काम करने अथवा करवाने दोनों के लिए स्पष्ट गाइडलाइन अर्थात SOP एवं SMP जारी किया जाए।
4) कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की घटना अथवा दुर्घटना होने एवं उसकी शिकायत थाने में होने पर थाने से लेकर कोर्ट तक के मामलों में कर्मियों का साथ देते हुए अधिकारी को उपस्थित करवाने हेतु उचित कदम उठाया जाए।
5) कोर्ट में केस चलने के दौरान वकील की व्यवस्था करने के साथ-साथ कोर्ट में उपस्थित होने वाले कर्मचारी अथवा अधिकारी को विशेष अवकाश दिया जाए।
6) रात्रि पाली में पूरे टाउनशिप को संभालने के लिए इलेक्ट्रिकल विभाग में मात्र दो कर्मी ड्यूटी पर रहते हैं, इसमें कर्मियों की संख्या बढ़ाने के लिए आवश्यक पहल किया जाए।
7) टाउन इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट में कार्यरत सभी चार्ज मैन के साथ नियमित अंतराल में बैठक किया जाए।
8) जिराफ से ही काम करवाया जाए।

माह में दो दिन करेंगे टाउनशिप के इलेक्ट्रिकल कर्मियों का ट्रेनिंग प्रोग्राम

चर्चा के दौरान महाप्रबंधक, प्रभारी (नगर प्रशासन एवं सेवाएं विभाग) में बताया कि स्पष्ट रूप से निर्देश दे दिया गया है कि जिराफ से ही काम करवाया जाएगा। हर स्तर पर स्टैंडर्ड ऑपरेशन प्रोसीजर का पालन करवाया जा रहा है।

यदि अत्यावश्यक परिस्थितियों में सीढ़ी से बिजली के पोल पर चढ़ने की स्थिति बनती है तो पहले यह सुनिश्चित कर लिया जाएगा कि सीढ़ी को पोल से अच्छे से बांध लिया गया है। साथ में फुल बॉडी हार्नेस अर्थात सेफ्टी बेल्ट पहनकर ही टेक्नीशियन सीढ़ी में दो-दो स्टेप में हुक को फसाते हुए ऊपर चढ़ेगा हर माह के दूसरे एवं चौथे शनिवार को टीडीएस 2 में इलेक्ट्रिकल कर्मियों का ट्रेनिंग प्रोग्राम शुरू किया जा रहा है। इसी दौरान चार्ज मैन एवं अन्य टेक्निशियनों से बातचीत होगी एवं उनसे फीडबैक लिया जाएगा।

कोर्ट केस होने पर प्रबंधन करेगा वकील का इंतजाम

सीटू महासचिव टी. जोगा राव के मुताबिक चर्चा के दौरान महाप्रबंधक ने बताया कि उपरोक्त मामले में यदि कोर्ट के अंदर केस शुरू होता है तो उस केस को लड़ने के लिए वकील का इंतजाम प्रबंधन करता है।

3 सितंबर को हुई घटना के बाद थाने में की गई शिकायत के कोर्ट में पहुंचने के बाद उस केस को लड़ने एवं भविष्य में किसी भी घटना में विधिक स्थिति निर्मित होने पर वकील की आवश्यकता पड़ने पर उसकी व्यवस्था करने के लिए आवश्यक नोट उपयुक्त प्रबंधन के पास भेज दिया गया है। साथ ही केस के दौरान छुट्टी के संदर्भ में भी आवश्यक बातें बताई गई।