Big News: मजदूर की मौत पर BSP एक्शन में, CITU नेताओं ने ईडी वर्क्स को दिए कई सुझाव, 5 दिनों में दिखेंगे ट्रेलर संग हेल्पर

Big News BSP in Action After Laborers Death CITU Leaders offer Suggestions to ED Works Helpers to be Seen with Trailers Within 5 Days
  • कार्यपालक निदेशक (संकार्य)के साथ सीटू की हुई बैठक।

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। 23 मार्च की शाम 24 नंबर बिल्डिंग के आगे रेल मिल जीरो कार्बाइड टर्निंग में दुर्घटना हुई, जिसमें ठेका मजदूर की मौत हो गई। इस विषय को लेकर सीटू की टीम ने 25 मार्च को कार्यपालक निदेशक संकार्य राकेश कुमार से मुलाकात की।

दुर्घटना के दूसरे दिन दुर्घटना स्थल के निरीक्षण के दौरान सीटू के महासचिव टी.जोगा राव के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने कार्यपालक निदेशक (संकार्य) से कहा था कि प्लांट के भीतर मूवमेंट करने वाले ट्रेलर में हेल्पर की व्यवस्था होनी चाहिए। इस बात को हम पहले भी उठा चुके हैं किंतु अभी तक इसका कोई समाधान नहीं किया गया है। इसी बात को बैठक के दौरान उनके सामने फिर से दोहराया इस पर ईडी वर्क्स ने कहा कि हमने इस व्यवस्था के लिए आवश्यक निर्देश दे दिए हैं। अगले 5 दिनों में प्लांट के भीतर आने वाले हर भारी वाहन (ट्रेलर)में हेल्पर की व्यवस्था होगी।

हर माह के आखिरी सप्ताह में लोडिंग को लेकर रहता है अफरा तफरी का माहौल

सीटू नेताओं ने कहा कि हर महीने की 24 तारीख से लेकर माह के अंत तक खासकर मिल शिपिंग एरिया में लोडिंग को लेकर अफरा तफरी का माहौल रहता है। गाड़ियों की अधिकता रहती है। साथ में शिपिंग एरिया में गाड़ी लोड करने को लेकर प्रत्येक मिल पर दबाव रहता है और इस दबाव को कम करने गाड़ियों की मूवमेंट को सरल करने एवं गाड़ियों को निरंतर गेट के बाहर सरलता से निकालने की व्यवस्था करने एवं कई जगहों पर शिपिंग एरिया में लाइटिंग की व्यवस्था बेहतर करने की मांग की गई।

साथ में इस माह वर्ष का अंतिम माह है। फाइनेंशियल ईयर समाप्त होने को है, अभी लोडिंग का दबाव लगातार है और इस दरमियान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने की भी मांग की गई, जिस पर ईडी वर्क्स ने कहा कि लोडिंग के बाद गाड़ियों के अंदर में जाम लगा के रखना ठीक नहीं है। हमने पहले ही कह दिया है कि गाड़ियों का अंदर जमावड़ा बंद करो।

मर्चेंट मिल में गाड़ी निकालने के लिए वैकल्पिक रास्ता की करेंगे खोज

मर्चेंट मिल शिपिंग एरिया में लोडिंग के बाद ट्रेलर को सरलता से निकालने के लिए वैकल्पिक रास्ते की व्यवस्था करने का सुझाव दिया गया, जिस पर ईडी वर्क्स ने कहा कि मर्चेंट मिल का निरीक्षण कर स्थिति में सुधार की ओर प्रयास करने का आश्वासन दिया।

एक्सीडेंट के बाद ट्रेलर के इंश्योर्ड कंपनी से भी मिलना चाहिए मृत कर्मी को मुआवजा

यूनियन ने चर्चा के दौरान कहा कि मृतक ठेका श्रमिक जो ट्रेलर की चपेट में आया था, उनके परिवार को ट्रेलर के इंश्योर्ड कंपनी से इंश्योरेंस का पैसा मिलना चाहिए। इस संदर्भ में कार्मिक विभाग एवं आवश्यकता अनुसार लॉ डिपार्टमेंट से बातचीत करेंगे।

एसएमएस 3 से बीआरएम तक रोल टेबल से लेकर जाए बिलेट

सीटू ने कहा कि गाड़ियों के मूवमेंट कम करने के लिए एसएमएस 3 से बिलेट को बीआरएम की ओर रोल टेबल से ले जाने की बजाय पिछले कई वर्षों से रोड ट्रांसपोर्ट ट्रेलर के द्वारा भेजा जा रहा है। इसे लेकर सीटू पहले भी उच्च स्तर पर बात उठा चुका है। यह व्यवस्था बंद होनी चाहिए एवं एसएमएस 3 से सीधे बिलेट बीआरएम में जाने चाहिए। इस पर उन्होंने कहां कि यह बात उनके संज्ञान में है जल्द ही उचित कदम उठाया जाएगा।

जल्द बंद होगा क्रेन से वैगन को आगे पीछे सरकाने की व्यवस्था

मिल के शिपिंग एरिया में वैगन को मूवमेंट करने के लिए मैग्नेट क्रेन का उपयोग किया जाता है, जिसकी वजह से कई बार क्रेन डिरेल होते हैं और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की गई है। इस पर कार्यपालक निदेशक संकार्य ने कहा कि जल्द ही इस दिशा में भी वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी।

ईडी वर्क्स ने कहा सुरक्षा को लेकर हमेशा सुझाव दें कि मैं क्या कर सकता हूँ

चर्चा के दौरान ईडी वर्क्स ने कहा कि हर कर्मी को अपनी सुरक्षा के बारे में हमेशा सजग रहना चाहिए,तभी सुरक्षित कार्यप्रणाली को पूरी तरह से अमल किया जा सकता है। असुरक्षित कार्य को लेकर हमेशा अपने उच्च अधिकारियों को बताएं और आवश्यकता पड़ने पर अपने विभाग प्रमुख को सुझाव दें कि और कैसे सुरक्षित एवं बेहतर व्यवस्था किया जा सकता है और मुझे भी बार-बार सुझाव दे कि मेरे स्तर पर सुरक्षा को लेकर क्या काम किया जाना है मेरे हाथ में जो भी होगा उसे निश्चित रूप से करूंगा।